भाजपा 300 स्थानों पर आयोजित करेगी योग के कार्यक्रम – तिवारी

दिल्ली , 19 जून । दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आज प्रदेश कार्यालय पर 21 जून को भारत के साथ-साथ पूरे विश्व में मनाये जाने वाले 5वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के दिल्ली में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देने हेतु प्रेस वार्ता की। पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुये दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि 21 जून को मनाये जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दिल्ली के लोगों की सहभागिता के लिए मीडिया की सशक्त भूमिका के माध्यम से जनता से अपील करता हूँ कि अगामी 21 जून को योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लेकर अपने जीवन को रोगमुक्त व स्वस्थ बनाये।

देशभर में लगभग 13 करोड़ लोग एक साथ एक समय में अलग-अलग स्थानों पर योग करेंगे। दिल्ली भारतीय जनता पार्टी द्वारा 300 स्थानों पर करीब 3 लाख हिस्सा लेंगेे। दिल्लीभर में अलग-अलग संस्थाओं द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में करीब 10 लाख लोग योग करेंगे। दिल्ली के सभी 280 मंडलों में योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, जिसमें संगठन के पदाधिकरी सहित क्षेत्र के प्रमुख लोग हिस्सा लेंगे। दिल्ली भाजपा द्वारा आयोजित योग दिवस के कार्यक्रमों में लगभग तीन लाख लोग शामिल होंगे।
तिवारी ने कहा कि योग एक सकारात्मक उर्जादायी प्रक्रिया है जो कि शरीर, मन व विचारों का शुद्धिकरण कर देता है। योग दिवस के अवसर पर मैं अपने संसदीय क्षेत्र के घोंण्डा में यमुना के किनारे सुन्दर वातावरण में योग प्राणायाम करूंगा जहां मैं अपने साथ योग करने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष शीला दीक्षित को आमंत्रित करता हूँ कि वो लोग आयें और योग का संदेश दिल्ली के लोगों तक पहुंचाये।