छत्तीसगढ़: बीजापुर में मिला SP के नेता का शव
बीजापुर, 19 जून । छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने समाजवादी पार्टी के नेता की नृशंस हत्या कर दी। बीजापुर जिले में नक्सलियों ने मंगलवार शाम को सपा नेता संतोष पुनेम का अपहरण कर लिया था और आज सुबह धारदार हथियार से उनकी नृशंस हत्या कर दी। इसके अलावा नक्सलियों ने चार-पांच वाहनों में भी आग लगा दी है।
बीजापुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यहां बताया कि जिले के इलमिडी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत मरीमल्ला गाँव के करीब नक्सलियों ने समाजवादी पार्टी के नेता संतोष पुनेम की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुनेम क्षेत्र में ठेकेदारी का कार्य करता था।मंगलवार शाम को नक्सलियों ने पुनेम का अपहरण कर लिया था। आज सुबह उसका शव मिलने की खबर मिली।
अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह पुलिस को जानकारी मिली कि पुनेम का शव मरीमल्ला पहाड़ी के पास पड़ा हुआ है तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल को रवाना किया गया। संतोष ने छत्तीसगढ़ में बीजापुर से हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में समाजवादी पाटी के टिकट पर चुनाव लड़ा था।