झील महोत्सव:- प्रकृति और संस्कृति का संगम

जबलपुर, 13 अप्रैल। जबलपुर संभाग के मंडला जिले में नर्मदा नदी के किनारे बसे देवरी बकई  में बरगी बांध की अथाह जलराशि के निकट आयोजित झील महोत्सव न केवल साहसिक गतिविधियों का गवाह बन रहा है, बल्कि पर्यटन और संस्कृति के प्रेमियों के लिए भी अनूठा आकर्षण प्रस्तुत कर रहा है। जल, थल और नभ में होने वाली 18 से अधिक रोमांचक गतिविधियों के साथ यह महोत्सव हर उम्र के लोगों को अपनी ओर खींच रहा है।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और जबलपुर पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के इस आयोजन में पर्यटकों के लिए जेट स्की, बनाना राइड, वाटर स्कूटर, कायाकिंग और सर्फिंग जैसे रोमांचक विकल्प मौजूद हैं।  वहीं उड़ान भरने के शौकीनों के लिए हॉट एयर बैलून, पैरा मोटरिंग और पैरा सेलिंग जैसे विकल्प बांध और आसपास की प्राकृतिक सुंदरता को एक नए दृष्टिकोण से देखने का मौका देते हैं। इसी प्रकार स्लिंग शॉट, रॉक क्लाइम्बिंग, वैली क्रॉसिंग और जॉर्बिंग बॉल जैसी साहसिक गतिविधियां  पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं।
झील महोत्सव में दिन में रोमांच का आनंद लेने के बाद शाम होते ही यह स्थल सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो उठता है। झील महोत्सव में रविवार की सांस्कृतिक संध्या में धीरज शर्मा समूह ने मनमोहक गीत प्रस्तुत किए।
पर्यटकों को ठहरने के लिये स्विस टेंट :-
झील महोत्सव में पर्यटकों के ठहरने के लिए बरगी की वादियों में स्विस टेंट से सजी टेंट सिटी बनाई गई है, जो प्रकृति के करीब रहते हुए आधुनिक सुविधाओं का अनुभव कराती है। इसके अलावा, खानपान की व्यवस्था, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है।
बाइक रैली निकाली गई :-
झील महोत्सव में उपलब्ध सुविधाओं एवं साहसिक खेलों से जबलपुर शहर के नागरिकों को अवगत कराने तथा पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित यातयात के संदेश  देने रविवार की शाम  4 बजे भंवरताल गार्डन से बाइक रैली निकाली गई। रैली को विधायक श्री नीरज सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई बाईक रैली  का समापन झील महोत्सव स्थल देवरी बकई में हुआ।  निजी कंपनी मोटुल द्वारा प्रायोजित इस रैली में 100 से अधिक बाइक सवार शामिल हुये।