राष्ट्रपति ट्रंप और एलन मस्क के खिलाफ लोग सड़क पर

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अरबपति कारोबारी एलन मस्क के खिलाफ प्रदर्शन बढ़ गए हैं। इस बीच खबर यह भी है कि ट्रंप की टीम से कारोबारी एलन मस्क को बाहर किया जा सकता है। अब मस्क के ट्रंप की टीम छोड़ने के पीछे की वजहों पर लगातार कयास लगाए जाने लगे हैं, यह सवाल भी तलाशे जा रहे हैं कि इनके पीछे क्या कोई राजनीतिक वजह हो सकती है या फिर कारोबारी वजह। या फिर क्या मस्क राष्ट्रपति ट्रंप से खफा हो गए हैं।
गौरतलब है कि दुनिया के अमीरों में शुमार किए जाते हैं एलन मस्क। विश्व प्रसिद्ध टेस्ला, स्पेस एक्स और न्यूरालिंक जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के मालिक एलन मस्क ने ट्रंप को चुनाव जितवाने में हर तरह से हरसंभव मदद की और फिर चुनाव में जीत मिलने के बाद ट्रंप प्रशासन में वह डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिसिएंशी (Doge) के प्रमुख बनाए गए।
ऐसे में अब अमेरिका के सियासी गलियारे में चर्चा ये है कि क्या एलन मस्क को कैबिनेट से बाहर निकाला जा रहा है या फिर मस्क अपने कारोबार में बढ़ते घाटा और कंपनी की बिगड़ती छवि के चलते सरकारी काम-काज छोड़ना चाहते हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी सरकार में मस्क को स्पेशल सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया है। उनका ये स्पेशल दर्जा 130 दिनों तक के लिए वैध है. मई के अंत तक उनका ये दर्जा भी खत्म हो जाएगा। इसीलिए मस्क ट्रंप की टीम से बाहर जा रहे हैं, हालांकि राष्ट्रपति चाहें तो एलन मस्क का कार्यकाल बढ़ा सकते हैं। लेकिन वहां से मिल रही रिपोर्ट इस ओर तस्दीक करती है कि एलन मस्क अब खुद ट्रंप की टीम में ही नहीं रहना चाहते हैं। उनका लक्ष्य अपनी कंपनी टेस्ला, स्पेस एक्स और न्यूरालिंक को आगे बढ़ाना है।