पर्यटन सिर्फ मनोरंजन ही नहीं बल्कि रोजगार का अवसर प्रदान करता है- मंत्री श्री सिंह
जबलपुर, 6 अप्रैल। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में आज शाम माँ नर्मदा के विश्व प्रसिद्ध बरगी बाँध तट पर पंद्रह दिवसीय झील महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। बरगी बांध के तट पर मंडला जिला के ग्राम देवरी बकई में 5 से 20 अप्रैल तक आयोजित इस भव्य कार्यक्रम के शुभारम्भ अवसर पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक नीरज सिंह ठाकुर, संतोष बरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष मंडला संजय कुशराम, जिला पंचायत अध्यक्ष जबलपुर आशा मुकेश गोंटिया, अखिलेश जैन, रिकुंज विज, कलेक्टर दीपक सक्सेना, सीईओ जिला पंचायत मंडला व जबलपुर के साथ अन्य संबंधित अधिकारी व बड़ी तादात में आमजन मौजूद थे। कार्यक्रम का शुभारंभ नर्मदा पूजन से किया गया।
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं जबलपुर पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पहले भी एडवेंचर गेम के नाम से अलग-अलग स्थानों पर ऐसे कार्यक्रम होते थे। लेकिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में नर्मदा तट की सुंदर जगह पर झील महोत्सव का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन सिर्फ मनोरंजन के लिए ही नहीं होता बल्कि इससे संस्कृतियों का आदान-प्रदान होता है। वहीं इससे रोजगार के अवसर मिलते हैं। पर्यटन जीवन में विविधता लाता है। प्राचीन काल से ही पर्यटन का बहुत महत्व रहा है। पर्यटन के विकास पर रोजगार के अवसर सुनिश्चित किया जा सकता है। देवरी बकई ग्राम जो कि विधानसभा पनागर, बरगी और मंडला की सीमा में स्थित है, जहां की सुंदरता बहुत ही आकर्षक है। ऐसे सुंदर स्थल पर आयोजित इस झील महोत्सव के मार्केटिंग करने से यह और भी सफल होगा। उन्होंने कहा कि स्कूल कॉलेज व कोचिंग संस्थान में अध्यनरत विद्यार्थियों को भी ऐसे स्थलों का भ्रमण कराना चाहिए। मंत्री श्री सिंह ने भारतीय नववर्ष की बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार का यह प्रयास है कि प्रदेश के विकास के लिए सभी जगह बेहतर संसाधन उपलब्ध हो।