त्रिमूर्ति नगर कॉलोनी में स्ट्रीट डॉग का आतंक
जबलपुर, 27 सितंबर। एक ओर जहां नगर निगम विभाग आए दिन शहर विकास के बड़े-बड़े दावे करते नजर आता है। वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसी समस्याओं के मामले में अंधमूक बना नजर आता है जैसे जनता की समस्याओं से उसका कोई लेना-देना ही नहीं है। शहर में आवारा जानवरों के आतंक का आलम यह है कि घरों से लेकर सड़कों तक लोग परेशान हैं। कालोनियों में लोग आवारा कुत्तों से परेशान हैं और सड़कों पर डेरा डाले गाय-बैलों से तो लोगों को दुर्घटना का डर सताता है। इन समस्याओं का समाधान नगर निगम के अधिकारी केवल कागजी खानापूर्ति कर इतिश्री करते नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत त्रिमूर्ति नगर कॉलोनीवासी इन दिनों आवारा कुत्तों से खासे परेशान हैं। शाम ढलते ही इन कुत्तों का गैंग इतना सक्रिय हो जाता है कि दुपहिया वाहन चालकों को इनसे बच कर निकलना मुश्किल सा लगता है। देर रात्रि इनका कानफोड़ू भोंपू सुनना मजबूरी सा बन गया है। मानो यह कह रहे हैं जागते रहो। क्योंकि उक्त विभागीय अधिकारी तो कुंभकर्णी नींद में लीन हैं, पता नहीं यह कब जागेंगे। रोजाना कोई न कोई इन आवारा कुत्तों का शिकार हो रहा है। ये कुत्ते दहशत का पर्याय बन चुके हैं। सरकारी आंकड़ों की मानें तो लगभग आधा दर्जन लोग साल में रेबीज से मर जाते हैं। इन कुत्तों का आतंक ऐसा है की लोग रात को घरों से बाहर टहलने नहीं निकलते। कुछ ऐसा ही हो रहा है त्रिमूर्ति नगर 90 क्वार्टर कॉलोनी में 10, से 12 कुत्तों का झुंड एक साथ मिलकर हमला करता है।
ज्ञात हो कि रात्रि में त्रिमूर्ति नगर से निकलकर ग्रीन सिटी जाने वाले मोड़ पर इन कुत्तों द्वारा दुपहिया वाहन चालकों का ऐसा स्वागत किया जाता है जिसे लोग भुला नहीं सकते। इनसे दूधवाला, न्यूजपेपर सब्जी वाले, सभी परेशान हैं। जबलपुर नगर निगम के पास कुत्तों को कंट्रोल करने नसबंदी की जिम्मेदारी है। लेकिन इस कार्य में नगर निगम फेल हो रहा है। शहर में ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जहां। कुत्तों की धमा चैकड़ी ना हो। अब यह अधिक खूंखार हो गए हैं। दोपहिया वाहनों का दूर तक पीछा करते हैं। वाहन चालक या तो किसी से टकरा जाता है या फिर दुर्घटना का शिकार हो जाता है। जबलपुर नगर निगम को शिकायत देने पर भी किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं की जाती जिसके कारण कॉलोनी के लोग परेशान हैं। नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी संदीप जायसवाल से पूछा गया तो उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।