सरकार ने बढ़ाया वैट, पंजाब में पेट्रोल-डीजल हुआ महंगा
चंडीगढ़, 5 सितंबर। पंजाब की भगवंत मान सरकार ने आज गुरूवार को पेट्रोल, डीजल पर वैट बढ़ाने का फैसला किया है। जिसके चलते मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में गुरुवार को पेट्रोल में 61 पैसे और डीजल पर 92 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया। हालाकि पेट्रोल पंप मालिकों ने सरकार के फैसले पर विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि सरकार के इस फैसले से कारोबार पर बुरा असर पड़ेगा। वैट में बढ़ोतरी पर विरोध व्यक्त करते हुए पंजाब में पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के प्रवक्ता मोंटी सहगल ने राज्य सरकार के फैसले की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ईंधन पर वैट में बढ़ोतरी से सीमावर्ती जिलों में स्थित पेट्रोल और डीजल की बिक्री प्रभावित होगी।
गौरतलब है कि फिलहाल मोहाली में पेट्रोल की खुदरा कीमत 97.01 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 87.21 रुपये प्रति लीटर है। वहीं पंजाब में पहले से ही पेट्रोल, डीजल की कीमत चंडीगढ़ से ज्यादा है। केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कीमतें क्रमशः 94.24 रुपये और 82.40 रुपये प्रति लीटर हैं। हालाकि आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल पेट्रोल, डीजल के दामों को लेकर पहले कई बार केंद्र सरकार को घेरते नजर आए हैं। लेकिन अब वे भी राजस्व में बढ़ोत्तरी की इस राजनीति में फंसे हुए हैं।
ज्ञात हो कि पंजाब सरकार में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मीडिया से मुखातिब होते कहा कि पेट्रोल और डीजल पर वैट बढ़ाने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पर वैट 61 पैसे और डीजल पर 92 पैसे प्रति लीटर बढ़ाया जाएगा। चीमा ने कहा कि ईंधन पर वैट बढ़ाने से डीजल से 395 करोड़ रुपये और पेट्रोल से 150 करोड़ रुपये का राजस्व बढ़ेगा।