पीएम मोदी पटना साहिब जी पहुंचे, सम्मान पत्र से नवाजा गया
पटना 13 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना स्थित गुरुद्वारा तख्त श्री पटना साहिब जी पहुंचे। इस दौरान पीएम पारंपरिक पंजाबी लिबास में नजर आए। उन्होंने सिर पर नारंगी रंग की पगड़ी पहन श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के जन्म स्थान दरबार साहिब में मत्था।
पीएम नरेंद्र मोदी को पटना साहिब गुरुद्वारे में गुरुद्वारा समिति ने सम्मान पत्र से नवाजा। साथ ही सिख बीबियों ने माता गुजरी जी का चित्र भी पीएम को तोहफे में दिया. ये सम्मान पाकर पीएम मोदी काफी खुश नजर आए। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स पर तस्वीर शेयर की है। जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा कि तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में गुरुद्वारा कमेटी ने सम्मान पत्र के साथ साहस और बलिदान की प्रतीक माता गुजरी जी का चित्र प्राप्त करके सम्मानित किया।
गुरुद्वारे में पीएम ने आम लोगों की तरह की पूरी श्रद्धा के साथ सेवा की। उन्होंने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी द्वारा इस्तेमाल किए गए शस्त्रों (हथियारों) के भी दर्शन किए। उन्होंने लंगर रसोई (सामुदायिक रसोई) का भी दौरा किया और दाल और रोटी बनाई। इसके साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं को लंगर भी परोसा। पीएम ने गुरुद्वारे में मौजूद लोगों से बातचीत भी की। पीएम को अपने बीच पाकर वहां मौजूद लोग भी काफी खुश नजर आए। इसके साथ ही पीएम ने प्रसाद लिया जिसका भुगतान उन्होंने डिजिटल भुगतान मोड के माध्यम से किया।