कांग्रेस के पास न नीति है, न नियत है, न नेता हैं – राजनाथ सिंह
अहमदाबाद, 28 अप्रैल। देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज गुजरात के अहमदाबाद में लोकसभा चुनावों को लेकर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में विपक्ष पर निशाना साधते हुए, कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के पास आज क्या है, न उनके पास नेता है, न नीति है, न नियत है। रक्षामंत्री ने कहा कांग्रेस के शासनकाल में मौलिक अधिकारों का निलंबन हुआ।
रक्षामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में हमे वह नेतृत्व प्राप्त हुआ है जिसकी भारत को लंबे समय से तलाश थी। पीएम मोदी के पास विजन भी है, मिशन भी है और पैशन भी है। लोकसभा चुनावों पर चर्चा करते हुए रक्षामंत्री ने कहा देश में 2 चरण के चुनाव संपन्न हो चुके हैं, हम लोगों ने जो 400 पास का लक्ष्य तय किया था उस ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि इस समय कांग्रेस कहती है कि देश में लोकतंत्र संकट में है लेकिन मैं बताना चाहूंगा कि देश में अगर किसी ने लोकतंत्र की हत्या की है तो वह कांग्रेस की सरकार ने की है। राजनाथ सिंह ने कहा कि अब तक देश में अनुच्छेद 356 के तहत 132 बार राष्ट्रपति शासन लगाया गया है, जिनमें से 90 बार कांग्रेस ने लगाया है और जिसमें इंदिरा गांधी ने अकेले ही देश में सरकार गिराने की हाफ सेंचुरी लगा रखी थी। उन्होंने कांग्रेस के बीजेपी सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों की बात करते हुए कहा कि जब भी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई कार्रवाई करती है तो उस पर आरोप लगाया जाता है कि वह देश के लोकतंत्र के खिलाफ गंभीर खतरा पैदा किया जा रहा है। अगर ईडी ने कोई कार्रवाई गलत की है तो आप कोर्ट जा सकते हैं और अगर ईडी ने गलत किया है तो आपको कोर्ट से रिलीफ मिलनी चाहिए। रक्षा मंत्री ने अपने आंकड़ों की बात करते हुए कहा कि ईडी ने साल 2014 के बाद से एक लाख करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त की है और 22 हजार करोड़ के कैश जब्त किए हैं लेकिन यही 2014 के पहले ईडी ने सिर्फ 34 लाख कैश जब्त किए थे।