अलवर में प्रियंका गांधी का विशाल रोड शो
अलवर, 15 अप्रैल। राजस्थान के अलवर लोकसभा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अलवर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में अलवर शहर में सोमवार दोपहर अपना रोड शो शुरू किया। रोड शो में प्रियंका गांधी एक खुली छत वाले वाहन में सवार हुईं। उनके साथ राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रत्याशी ललित यादव और भंवर जितेंद्र सिंह भी रहे। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने कांग्रेस नेताओं का अभिवादन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में नारे लगाते हुए साथ चल रहे थे। कांग्रेस ने इस सीट से ललित यादव को उम्मीदवार बनाया है जो विधायक भी हैं वहीं भारतीय जनता पार्टी की ओर से केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव इस सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। इस रोडशो के बाद प्रियंका का बांदीकुई में जनसभा करने का कार्यक्रम है।
अलवर लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने इस बार युवा विधायक ललित यादव को मैदान में उतारा है। उनके सामने भाजपा के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र यादव हैं। राजस्थान में प्रचार की जिम्मेदारी प्रियंका गाँधी ने संभाली हुई है। उन्होंने कल जालोर, सिरोही से लोकसभा प्रत्याशी पूर्व CM अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया था।