कलयुगी प्रेमी ने छह महीने की बेटी को 7 हजार रु. में बेचा

गुजरात, 19 फरवरी। उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक विवाहिता को प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर सूरत ले गया और दो साल तक पति पत्नी की तरह रहा। इस बीच महिला को बेटी हुई तो उसके चरित्र पर संदेह जताते हुए मासूम को महज 7 हजार रुपये में बेच कर फरार हो गया। इस संबंध में पीड़ित महिला की शिकायत पर गुजरात की सूरत पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी और महिला दोनों ही उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और बीते दो साल से सूरत में रह रहे थे। महिला ने बताया कि वह शादीशुदा थी, लेकिन पति से अनबन होने की वजह से आरोपी के संपर्क में आ गई। इसके बाद आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और लेकर सूरत आ गया। यहां वह बार बार शादी के लिए दबाव बनाती, लेकिन आरोपी हर बार उसे टालता रहा।
इसी बीच करीब 6 महीने पहले उसे बेटी पैदा हो गई। उसके बाद से ही आरोपी नाराज रहने लगा। यहां तक कि आरोपी उसके चरित्र पर उंगली उठाते हुए कहने लगा कि यह उसकी बेटी नहीं हो सकती। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि हाल ही आरोपी ने घर जाने की बात की और चुपके से उसकी छह माह की बेटी को महज 7 हजार रुपये में जुनैद नामक युवक को बेच दिया और फरार हो गया।