गुजरात : विस चुनाव 2022 के अंतिम चरण का प्रचार थमा
अहमदाबाद, 03 दिसंबर। गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में पांच दिसंबर को उत्तर और मध्य गुजरात के 14 जिलों की 93 सीटों पर होने वाले मतदान के लिए प्रचार अभियान शनिवार की शाम पांच बजे थम गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. भारती ने बताया कि दूसरे चरण के लिए नाम वापसी की अंतिम तिथि 21 नवंबर के बाद अब कुल 833 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 69 महिलाएं और 764 पुरुष हैं। चुनाव में शामिल होने वाले दलों की कुल संख्या 60 है।
राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आठ महिलाएं और 85 पुरुष, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने आठ महिलाएं सहित कुल 90 सीटों पर, आम आदमी पार्टी (आप) ने एक महिला सहित 93, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 44, गरवी गुजरात पार्टी ने तीन महिलाएं और 22 पुरुष, भारतीय ट्राइबल पार्टी ने 12 पुरुष और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन ने दो महिलाओं सहित सात सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि 285 निर्दलीय प्रत्याशी में 21 महिलाएं और 264 पुरुष शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में पांच दिसंबर को 93 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए कुल 833 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। राज्य के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों के 14 जिलों के बनासकांठा की (09), पाटन (04), मेहसाणा (07), साबरकांठा (04), अरवल्ली (03), गांधीनगर (05), अहमदाबाद (21), आणंद (07), खेड़ा (06), महीसागर (03), पंचमहाल (05), दाहोद (06), वड़ोदरा (10) और छोटाउदेपुर की (03) सीटों सहित 14 जिलों में कुल 93 सीटों के लिए दूसरे चरण में 2,51,58,730 मतदाता हैं, जिनमें 1,29,26,501 पुरुष, 22,31,335 महिला और 894 ट्रांसजेंडर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।