उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू आखिरी आतंकी के सफाए तक जुटे रहेंगे जवान

श्रीनगर, 02 दिसंबर। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद लगभग समाप्ति पर है। पड़ोसी देश जम्मू कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है, लेकिन जब तक आखिरी आतंकी का सफाया नहीं हो जाता तब तक हमारे सुरक्षाकर्मी दिन-रात अपनी ड्यूटी पर जुटे रहेंगे। उपराज्यपाल ने रियासी जिले के पौनी में यज्ञस्थल पर बलिदानियों की याद में बनाए गए 37 फीट ऊंचे अमर जवान शौर्य स्थल और पक्की यज्ञशाला का उद्घाटन किया।

उपराज्यपाल ने कहा कि मैं वीर नारियों को सलाम करता हूं और उन बलिदानियों को श्रद्धांजलि देता हूं, जिन्होंने देश के लिए अपना बलिदान दे दिया। इस मौके पर परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा के माता-पिता के साथ कारगिल के बलिदानियों के स्वजन को सम्मानित भी किया गया। इसके साथ संत बाल योगेश्वर दास महाराज के सानिध्य में बलिदानियों की याद में 11 दिन तक चलने वाला 108 कुंडीय अतिविष्णु महायज्ञ भी शुरू हो गया।