राष्ट्रीय कराटे कोच रतन गंभीर नहीं रहे

जबलपुर, 20 अप्रैल। मध्यप्रदेश कराटे महासचिव श्री रतन गंभीर अब हमारे बीच नहीं रहे। जिन्होंने भारतीय कराटे प्राधिकरण में कराटे प्रशिक्षक के रूप में रहते हुए जिले व अन्य राज्यों के कराटे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कराटे प्रतियोगिता में पदक दिलाकर कराटे को शिखर पर पहुंचाया। उनसे प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ियों को मध्यप्रदेश शासन द्वारा एकलव्य एवं विक्रम अवार्ड मिले, जिसके फलस्वरूप उन्हें विश्वामित्र अवार्ड से नवाजा गया। सभी विक्रम अवार्ड खिलाड़ी आज सरकारी विभागों में कार्यरत हैं। इसके अलावा बहुत से कराटे खिलाड़ियों का चयन भारतीय सेना में हुआ।
श्री रतन गंभीर की इन्हीं सफलताओं के चलते उन्हें राष्ट्रीय कराटे दल का प्रमुख कोच बनाया गया। इस पद पर रहते हुए श्री गंभीर ने अनेकों बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुशल नेतृत्व कर भारत का गौरव बढ़ाया। परंतु आज उनके आकस्मिक निधन से पूरा कराटे जगत स्तब्ध है।