पश्चिम बंगाल में विधान सभा चुनाव के पहले तीन चरणों में भाजपा को जनता से अभूतपूर्व समर्थन मिला – अमित शाह

कोलकाता, 9 अप्रैल।  भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि पश्चिम बंगाल में विधान सभा चुनाव के पहले तीन चरणों में भाजपा को जनता से अभूतपूर्व समर्थन मिला। शाह ने कहा कि तीन चरणों में अनुमानतः भाजपा कम से कम 63-68 सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने अल्पसंख्यक मतदाताओं से एकजुट होने और उनकी पार्टी को वोट देने की अपील की है, लेकिन उनका अल्पसंख्यक वोट बैंक भी उनके हांथों से खिसक रहा है।
शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने राज्य में केंद्रीय बलों पर विवादित टिप्पणी की है। टीएमसी की हताशा उनके बयानों और कार्रवाई में स्पष्ट नजर आती है। उन्होंने कहा कि दीदी बार-बार आरोप लगा रही हैं कि गृह मंत्रालय के इशारे पर सीएपीएफ (केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल) चुनाव को डिस्टर्ब कर रहा है। दीदी को मैं बताना चाहता हूं कि सीआरपीएफ जब चुनाव के काम में लगते हैं तो उन पर गृह मंत्रालय का नियंत्रण नहीं होता है।
शाह ने कहा कि ममता बैनर्जी ने गुरुवार को चुनाव बैठक की और दवा किया कि केंद्रीय बल राज्य में चुनाव ड्यूटी के दौरान केंद्र सरकार के इशारों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता इसलिए खिलाफ है कि जो लाखों-करोड़ों शरणार्थी आए हैं, उनको नागरिकता देने का कानून मोदी लेकर आए और आप सीएए का विरोध कर रही हैं। साथ ही जनता बंगाल में घुसपैठ की जांच में विफलता और तुष्टिकरण की राजनीती से तंग आ चुकी है।