प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति में हो रहा सुधार – मुख्यमंत्री
भोपाल, 19 जून। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है। लाॅकडाउन खुलने के बाद के 19 दिनो में प्रदेश में कोरोना के एक्टिव प्रकरणो की संख्या 3 हजार से कम है। प्रदेश के 6 जिले कोरोना संक्रमण से पूरी तरह मुक्त हो गए हैं तथा 24 जिलो में 10 से कम एक्टिव प्रकरण हैं।
श्री चौहान मंत्रालय में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओ की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, डीजीपी विवेक जोहरी, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना के एक्टिव प्रकरण घटकर 2308 हो गए हैं। नए 182 प्रकरण पाए गए है, जबकि 244 मरीज स्वस्थ होकर घर गए हैं। प्रदेश की रिकवरी रेट 75.5 प्रतिशत हो गई है, भारत की रिकवरी रेट 53 प्रतिशत है। प्रदेश में अभी तक 8 हजार 632 कोरोना के मरीज स्वस्थ होकर घर गए हैं। श्री चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश में कोरोना प्रकरणो की डबलिंग रेट अब 43.2 दिन हो गई है, जबकि भारत की 19.6 दिन है। इसी प्रकार प्रदेश की कोरोना वृद्धि दर 1.62 प्रतिशत रह गई है, जबकि भारत की 3.59 प्रतिशत है।