युवा मोर्चा 19 दिसम्बर को प्रदेश में करेगा ‘युवा आक्रोश आंदोलन’

भोपाल, 18 दिसंबर। भारतीय जनता युवा मोर्चा सरकार की एक साल की नाकामियों के खिलाफ 19 दिसम्बर को हर जिले में ‘युवा आक्रोश आंदोलन’ करेगा।  भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिलाष पाण्डे ने बताया कि प्रदेश की भ्रष्ट निकम्मी कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने पिछले एक वर्ष में प्रदेश के युवाओं को छलने का काम किया है। विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस ने युवाओं से लोक-लुभावन वायदे किए थे। प्रदेश की जनता त्राहि त्राहि कर रही है।  प्रदेश सरकार प्रदेश भर में होने वाले आक्रोश रैली को कुचलने का प्रयास कर रही है। मोर्चा ने पूर्व में ही आंदोलन की स्वीकृति प्रशासन से लेने के बाद भी सरकार लगातार आंदोलन नहीं करने की चेतावनी दे रही है।
उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर को भोपाल के टीटी नगर मैदान में दोपहर 12 बजे युवा आक्रोश आंदोलन किया जायेगा। सरकार ने हर वर्ग के युवा के साथ धोखेबाजी की है। बेरोजगार युवाओं को न रोजगार मिला है न 4 हजार रू. भत्ता मिला है। भाजपा सरकार के समय मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन और लेपटॉप मिलते थे। भ्रष्ट और निकम्मी कांग्रेस सरकार अभी तक मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन और लेपटॉप वितरित नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सरकार बनते ही हर युवा को रोजगार देने का वचन दिया था। लेकिन सरकार बनते ही भैस चराने, बैंड-बाजे बजाने की ट्रेनिंग देकर पढ़े-लिखे युवाओं के साथ कू्रर मजाक को लेकर आंदोलन किया जा रहा है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा किए जा रहे युवा आक्रोश आंदोलन की श्रृंखला में भोपाल के एमपी नगर सहित प्रदेश भर में स्टॉल लगाकर प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कार्यकारी अध्यक्ष को लाखों पोस्टकार्ड लिखकर प्रदेश कांग्रेस सरकार की लचर व्यवस्था से अवगत कराया। डॉ अभिलाष पांडे ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों से पंचायत स्तर तक के कार्यकर्ता युवा साथियों के साथ कांग्रेस सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए, देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा को पत्र लिख रहे हैं। भोपाल में आयोजित अभियान में मोर्चा के प्रदेश मंत्री अश्विनी राय, प्रदेश मीडिया प्रभारी विशेष सोनी, जिला अध्यक्ष प्रमोद शर्मा, जिला प्रभारी भाषित दीक्षित सहित मोर्चा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।