महाराष्ट्र विधानसभा : शिवसेना और भाजपा विधायकों में हाथापाई

नागपुर, 17 दिसंबर।  महाराष्ट्र विधानसभा में मंगलवार को भाजपा के सदस्यों ने जमकर हंगामा मचाया, जिसके बाद अध्यक्ष ने सदन को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया। विधानसभा में हुए हंगामे को लेकर शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने कहा, हम सदन में थे, हंगामा हुआ। मैंने भाजपा विधायकों के हाथों से बैनर नीचे खींच लिये। वे दो दिन से सदन में हंगामा कर रहे हैं, अगर वे हमें काम नहीं करने देंगे तो सदन की कार्यवाही कैसे होगी? नागपुर में शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन भाजपा विधायकों ने विधानसभा में फ्लैक्स बोर्ड के साथ मार्च किया, जिसमें शिवसेना के मुखपत्र सामना में प्रकाशित एक रिपोर्ट का जिक्र था जिसमें बारिश से प्रभावित किसानों के लिए 25,000 रुपये प्रति हेक्टेयर सहायता की मांग की गई थी। शिवसेना के कुछ विधायक भी वहां आए और भाजपा सदस्यों से फ्लेक्स बोर्ड छीनने की कोशिश की, जिसके कारण सदन में हंगामा हुआ।
सदन में एकत्रित हुए भाजपा सदस्यों ने शिवसेना की किसानों के लिए की गयी मांग को तुरंत लागू करने की बात कही और सदन में जमकर नारेबाजी की। पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बेमौसम बारिश के कारण किसानों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाया। भाजपा विधायक ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। स्पीकर नाना पटोले ने भाजपा सदस्यों से अपनी सीटों पर लौटने और सदन को अपनी कार्यवाही जारी रखने की अपील की। हालांकि, शिवसेना के कुछ विधायक भी वहां आए और भाजपा सदस्यों से फ्लेक्स बोर्ड छीनने की कोशिश की, जिसके कारण सदन में हंगामा हुआ। गौरतलब है कि नागपुर में महाराष्ट्र विधानसभा के शीतकालीनसत्र के पहले दिन वीर सावरकर पर हंगामा हुआ था। पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस समेत भाजपा विधायकों ने मैं भी वीर सावरकर की टोपियां पहन विधानसभा में प्रवेश किया था। ज्ञात हो कि रविवार को महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक प्रेस कांफे्रंस के माध्यम से कहा था कि हम वीर सावरकर का अपमान बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। फडणवीस ने शिवसेना की तीखी आलोचना करते हुए ये भी कहा था कि शिवसेना सत्ता में बने रहने के लिए पता नहीं किस प्रकार के समझौते कर रहे हैं।