दिल्ली सरकार लोक लुभावनी योजनायें लाकर लोगों को भ्रमित कर रही

नई दिल्ली, 12 दिसंबर। प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक प्रेस वार्ता में दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार झूठ की ऐसी मशीन है जो लोगों की जिंदगियों से खिलवाड़ कर रही है। अपने निहित स्वार्थ के कारण केजरीवाल दिल्ली के लोगों पर अत्याचार कर रहे हैं लेकिन गरीबों पर किया जा रहा यह अन्याय अब कुछ दिनों तक ही चलेगा क्योंकि केजरीवाल ने दिल्ली की जनता का भरोसा खो दिया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी योजना फरिश्ते की पोल खोलते हुये उसके असली पहलुओं को दिल्ली के समक्ष रखा। उन्होंने 11वीं कक्षा की छात्रा प्रीति को मीडिया से रूबरू कराते हुये कहा कि 10 अक्टूबर, 2019 को प्रीति की टैम्पो से टक्कर लगने से दुर्घटना हो गई थी जिसके कारण वह 7 दिनों तक शालीमार बाग के एक अस्पताल में भर्ती रही जिसके कारण 1 महीने 20 दिनों तक स्कूल नहीं जा सकी। उसके इलाज में 30 हजार रूपये का खर्च आया जिसका उसके परिवार वालों ने स्वयं भुगतान किया। सांसद संजय सिंह के एक प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने भी आये लेकिन उन्होंने आश्वासन के सिवाय कोई मदद नहीं की।
तिवारी ने एक अन्य घटना का जिक्र करते नारायण सिंह को पत्राकारों के समक्ष बुलाया और विस्तार से चर्चा करते हुये कहा कि 26 नवंबर, 2019 को नारायण सिंह भी एक टैम्पो से टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गये थे और 6 दिनों तक कश्मीरी गेट के ट्रामा सेंटर में भर्ती रहे। इनके बायें हाथ की हड्डी टूट गई जिसके इलाज में 20 हजार का खर्च आया जिसे इन्होंने स्वयं वहन किया। दिल्ली सरकार की ओर से इन्हें किसी भी तरह से मदद नहीं की गई।
तिवारी ने प्रीति और नारायण सिंह के इलाज का समूचा खर्च भारतीय जनता पार्टी की ओर से देने की घोषणा करते हुये कहा कि केजरीवाल तिल-तिल कर दिल्ली के लोगों को मार रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ऐसी झूठी लोकलुभावनी योजनायें लागू कर रही है जिसका करोड़ों रूपये का विज्ञापन तो दिया जा रहा है, लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि इसका आम लोगों को कोई फायदा नहीं मिल पा रहा है।