राजस्थान के नौ जिलो में भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वी राजस्थान के जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर जिले के कई क्षेत्रों में मंगलवार को दिन में अचानक मौसम बदलने के बाद अच्छी बारिश हुई। बारिश ने गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत दी। इधर मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के अंदर 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जयपुर, अजमेर, अलवर सहित प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहे। जिससे मौसम में उमस रही। कुछ स्थानों पर दोपहर बाद अचानक तेज बारिश हुई। जबकि कुछ इलाकों में रुक-रुक कर हल्की बारिश हुई। राजधानी जयपुर में मंगलवार दोपहर छितराई बारिश हुई।
वैशाली नगर, निर्माण नगर, झोटवाडा, खातीपुरा, सिरसी रोड, अजमेर रोड एवं आस-पास के स्थानों पर करीब 50 मिनट तक बारिश हुई। जबकि शहर का शेष हिस्सा सूखा रहा। जवाहर लाल नेहरू मार्ग, टोंक रोड, राजपार्क एवं सी-स्कीम इलाके में शाम को बूंदाबांदी हुई। बारिश के बाद वैशाली नगर, निर्माण नगर, झोटवाडा एवं खातीपुरा क्षेत्र की कॉलोनियों में सड़कों पर पानी भर गया। कुछ कॉलोनियों में एक से दो फीट तक पानी जमा हो गया। जिससे लोगों को ट्रेफिक जाम का सामना करना पडा।
मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के अंदर उदयपुर, राजसमंद, प्रतापगढ़, कोटा, झालावाड़, चित्तौडग़ढ़, बूंदी, भीलवाड़ा और बारां जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि इन जिलों के अलावा पाली, जोधपुर, जालौर, बाड़मेर, सिरोही, टोंक, सवाई माधोपुर, डूंगरपुर, दौसा, भरतपुर, बांसवाड़ा और अजमेर में भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।