बारिश जारी रही तो मानस भवन में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
जबलपुर, 14 अगस्त। लगातार हो रही तेज बारिश के मद्देनजर आज शाम कलेक्टर भरत यादव ने पुलिस अधीक्षक अमित सिंह एवं निगम आयुक्त आशीष कुमार के साथ राइट टाउन स्टेडियम का निरीक्षण किया । इस दौरान निर्णय लिया गया कि यदि बारिश रातभर इसी तरह होती रही तो कल 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर राइट टाउन स्टेडियम में आयोजित जिले के मुख्य समारोह में केवल ध्वाजारोहण किया जाएगा औऱ राष्ट्र ध्वज को सलामी दी जाएगी । जबकि मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण के कार्यक्रम मानस भवन में आयोजित किये जायेंगे ।
कलेक्टर श्री यादव ने निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय आयोजन के लिए स्टेडियम और मानस भवन में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं । उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली शैक्षणिक संस्थाओं के बच्चों के आवागमन के लिए बसों का इंतजाम करने के और कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी बच्चों की सुरक्षा पर खास ध्यान देने की हिदायत भी अधिकारियों को दी है । निरीक्षण के दौरान बताया गया कि बारिश के कारण स्टेडियम में मार्चपास्ट को निरस्त किया जा सकता है ।
स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालय पर आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के वित्त मंत्री तरुण भनोत होंगें । स्वतंत्रता दिवस के जिले के मुख्य समारोह में श्री भनोत ध्वाजारोहण करेंगें और प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगें । स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के सीईओ प्रियंक मिश्र, नगर निगम आयुक्त आशीष कुमार, अपर कलेक्टर हर्ष दीक्षित, अपर कलेक्टर वी.पी. द्विवेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश त्रिपाठी एवं अधिकारी मौजूद थे ।