राजनैतिक दलों को दी गई मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी

जबलपुर, 14 अगस्त। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 15 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाले मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देने कलेक्टर भरत यादव की अध्यक्षता में आज बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई ।
कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर हर्ष दीक्षित, संयुक्त कलेक्टर नम: शिवाय अरजरिया तथा श्री लक्ष्मण गुप्ता, शरण चौधरी, राजेश जायसवाल एवं अन्य सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद थे।
बैठक में एक जनवरी 2020 को आधार मानते हुए मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी राजनैतिक दलों को दी गई। कलेक्टर श्री यादव ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं संशोधन कराने के इस कार्यक्रम के प्रति नागरिकों को खासकर नए मतदाताओं को जागरूक करने के प्रयासों में प्रशासन का सहयोग देने का आग्रह राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से किया। बैठक में बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 15 अक्टूबर को सभी मतदान केन्द्रों पर किया जाएगा तथा 30 नवम्बर तक नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने एवं नाम विलोपित कराने के लिए दावे-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 15 दिसम्बर तक किया जाएगा तथा पूरक सूची का प्रकाशन एवं डाटाबेस को अद्यतन करने के बाद आयोग की अनुमति से एक जनवरी से 15 जनवरी के बीच मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।