वित्त मंत्री ने सभी पात्र विस्थापितों को पट्टे प्रदान करने के दिये निर्देश
जबलपुर, 27 जून । वित्त मंत्री तरूण भनोट ने मदन महल पहाड़ी के विस्थापितों को तिलहरी स्थित पुनर्वास स्थल पर सभी जरूरी मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं। श्री भनोट ने आज कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के प्रारंभ में विस्थापितों की समस्याओं और उनके निराकरण की दिशा में की जा रही कार्यवाही पर अधिकारियों से विस्तार से विचार-विमर्श किया।
श्री भनोट अपने साथ कुछ विस्थापितों को भी कलेक्ट्रेट लेकर आये थे ।
उन्होंने सभी पात्र विस्थापितों को पट्टे प्रदान करने के निर्देश दिये तथा अधिकारियों को विस्थापितों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की हिदायत भी दी । वित्त मंत्री ने अधिकारियों को तिलहरी में बसे प्रत्येक विस्थापित को पक्का घर बनने तक बारिश में सिर छिपाने के लिए पन्नी या तिरपाल के स्थान पर दस से बारह टीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं । उन्होंने कहा कि विस्थापितों को टीन उपलब्ध कराने का यह काम तीन दिन के भीतर पूरा हो जाना चाहिए ।
श्री भनोट ने तिलहरी स्थित पुनर्वास स्थल पर पेयजल आपूर्ति के समुचित इंतजाम करने की हिदायत भी नगर निगम के अधिकारियों को दिये । उन्होंने इसके लिए पाइप लाइन बिछाने और विस्थापितों को नल के कनेक्शन देने की बात कही । उन्होंने पुनर्वास स्थल पर मूलभूत सुविधाओं के विकास के कामों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि जल्दी ही वे स्वयं पुनर्वास स्थल का दौरा करेंगे और विस्थापितों से चर्चा कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी लेंगे ।
वित्त मंत्री ने इस अवसर पर विस्थापितों को उनकी हर समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया । उन्होंने कलेक्टर भरत यादव से पुनर्वास स्थल पर किये जा रहे विकास कार्यों की निगरानी के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त करने कहा जो हर दो दिन में वहां जाकर निरीक्षण करे । श्री भनोट ने पुनर्वास स्थल पर सुरक्षा के समुचित इंतजाम किये जाने की आवश्यकता भी बताई । इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विस्थापितों की बस्ती में अस्थाई चौकी स्थापित कर दी गई है और एक चार की गार्ड वहां तैनात की गई है ।