कांग्रेस को बड़ा झटका, TRS में शामिल होने की तैयारी में तेलंगाना के 12 विधायक
नई दिल्ली, 6 June — लोकसभा चुनाव 2019 में करारी हर के बाद कांग्रेस अभी भी डैमेज कंट्रोल नहीं कर पाई है।
तेलंगाना में कांग्रेस को बड़ा झटका लगने की तैयारी में है। पंजाब में अपने दो बड़े नेताओं मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू की आपसी लड़ाई से जूझ रही कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी को यह झटका तेलंगाना में लगा है, जहां उसके 18 में से 12 विधायकों ने सत्तारूढ़ टीआरएस में शामिल होने की तैयारी कर ली है। इन 12 विधायकों ने विधानसभा के स्पीकर को दल बदलने की जानकारी दी है। कांग्रेस के दो तिहाई विधायकों के पाला बदलने के चलते उनकी सदस्यता नहीं जाएगी क्योंकि दो तिहाई सदस्यों के पाला बदल करने की स्थिति में दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं होता है।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव में टीआरएस ने 119 में से 88 सीटें जीतकर अपनी बहुमत से सरकार बनाई है। वहीं सूबे में कांग्रेस ने महज 18 सीटों पर ही जीत दर्ज की है। चुनाव के बाद से ही सूबे में कांग्रेस की स्थिति खराब दिख रही है। कांग्रेस के कई विधायक अब भी राज्य में पार्टी नेतृत्व से नाराज हैं और जल्द ही कई विधायकों के टीआरएस में शामिल होने की संभावना है।
कांग्रेस के 12 विधायकों के टीआरएस में जाने की खबरों पर तेलंगाना कांग्रेस प्रमुख एन उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा, हम इसके खिलाफ लोकतांत्रिक रूप से लड़ेंगे। हम सुबह से विधानसभा अध्यक्ष से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन वह गायब हैं। आप उन्हें ढूंढने में हमारी मदद करिए। 18 में से 12 विधायकों ने अब स्पीकर को भी लिखकर टीआरएस में विलय की मांग कर दी है। इनमें टीआरएस से ही निकलकर कांग्रेस में शामिल हुए विधायक रोहित रेड्डी भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि रोहित रेड्डी जल्द ही पार्टी से इस्तीफा देकर टीआरएस में शामिल हो सकते हैं। टीआरएस से सस्पेंड होने के बाद रेड्डी कांग्रेस में पहुंचे थे।