बिहार में मोदी लहर, महागठबंधन का नहीं असर

पटना, 23 May  —  लोकसभा चुनाव 2019 के नतीजे थोड़ी देर में आने वाले हैं, इसके लिए वोटों की गिनती सुबह आठ बजे से शुरू हो गई। बिहार की 40 लोकसभा पर इस बार राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और महगठबंधन (Grand Alliance) के बीच कड़ा मुकाबला है। बिहार में लोकसभा की 40 सीटों पर हुए चुनाव में 626 प्रत्याशी मैदान में हैं। आज उनके भाग्य का फैसला होगा। इसके लिए पूरे बिहार में 33 जिलों में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।

वोटों की गिनती की सारी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थी और आठ बजे मतगणना शुरू हो चुकी है। एग्जिट पोल के नतीजों में बिहार में एनडीए की बड़ी जीत दिखाई गई है। वहीं महागठबंधन को 2014 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले कम सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। अगर एग्जिट पोल के नतीजे सच साबित हुए तो बिहार में महागठबंधन को करारा झटका लग सकता है। साल 2014 में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 सीटों पर जीत हासिल की थी। जबकि जेडीयू 2 और लोजपा को 6 सीटें मिली थीं। वहीं, आरजेडी को 4 और कांग्रेस को मात्र दो सीटों पर जीत हासिल हुई थी। 2014 के चुनाव में आरजेडी 27 और कांग्रेस 12 सीटों पर चुनाव लड़ी थी।
हिंसा की संभावना जताते हुए गृह मंत्रालय के एलर्ट के बाद सुबह से ही चौक चौराहों पर पुलिस बल तैनात कर दी गई है, बताते चलें कि बक्सर से निर्दलीय प्रत्याशी रामचंद्र यादव का हथियार के साथ वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो चुनाव परिणाम आने के बाद हिंसा की धमकी देते नजर आ रहे थे बिहार में लोकसभा चुनाव के मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हो जाएगी। विधानसभावार गणना होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को 18 से 28 राउंड में वोटों की गिनती संपन्न होने का अनुमान है। पटना के एएन कॉलेज में बनाए गए मतगणना केंद्र के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कॉलेज के बाहर काफी संख्या में सुरक्षा कर्मी तैनात हैं तो वहीं बांका के पीबीएस कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र में भी मतगणना का कार्य शुरू हो जाएगा और इसके लिए मतगणना केंद्र के भीतर जाने के लिए मतगणना कर्मियों की लंबी कतार लगी है। सभी विधानसभा क्षेत्र के वोटों की गिनती अलग-अलग हॉल में की जाएगी। सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है। स्ट्रांग रूम में सीपीएफ (सेंट्रल पुलिस फोर्स) लगाई गई है। सबसे पहले पोस्टल मत पत्रों की गिनती होगी।
पुलिसकर्मी एक-एक काउंटिंग एजेंट की जांच करने के बाद ही मतगणना कर्मी को अंदर जाने दे रहे हैं। चुनाव के मद्देनजर गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों के मुख्य सचिव, डीजीपी को अलर्ट किया है। मतगणना के मद्देनजर देशभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किेए गए हैं। चुनाव नतीजों को लेकर हिंसा की आशंका को देखते हुए पूरे देश में अलर्ट जारी किया गया है।चुनाव आयोग ने इस बार ईवीएम के वोट गिनने के बाद हर विधानसभा के किसी पांच मतदान केंद्रों की वीवीपैट पर्ची का मिलान करने का भी निर्देश दिया है। इसमें कुछ अधिक समय लगने की संभावना है। वीवीपैट के मिलान के बाद ही आधिकारिक परिणाम जारी किए जाएंगे। नतीजों की आधिकारिक घोषणा पांच बजे के बाद ही हो पाएगी। चुनाव आयोग के अवर सचिव मधुसूदन गुप्ता ने सभी मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पत्र लिखकर उनका मतगणना संबंधित बारीकियों पर ध्यान आकृष्ट किया है। चुनाव आयोग ने सभी सीईओ से कहा ईवीएम, वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट से वोटों के मिलान के दौरान विशेष सावधानी बरतें। मॉक पोलिंग वाले ईवीएम का अगर डाटा डिलीट नहीं हुआ है तो उसे अलग रखना सुनिश्चित करें। किसी भी ईवीएम, वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट पर शंका हो तो उसे अलग-अलग रखवाएं। ऐसे में मामले में आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) को जवाब देना होगा।