पुत्री के विवाह से पूर्व पिता की करंट से मौत
शाहजहांपुर, May 16 — मामला है गांव जेवां में रामबहादुर के घर का। जहां पुत्री साधना के विवाह की तैयारियों में घर में खुशी का माहौल था। सुबह लगभग पांच बजे से ही घर की महिलाओं ने उठकर अपने काम करना शुरू कर दिए और पुरूषों ने बाहरी काम देखना शुरू कर दिया।

इसी बीच रामबहादुर ने थोड़ी देर बाद महिलाओं के घरेलू गीत संगीत के कार्यक्रम के लिए घर के कमरे में रखा एम्प्लीफायर लगाया औैर माईक चेक करने लगे। एक माईक खराब था तो उन्होंने दूसरा माईक निकालकर उसमें लगाया और उसे चेक करने के लिए जैसे ही हाथ में लिया कि उन्हें करंट लग गया और माईक उनके सीने पर ही चिपक गया। अचानक करंट लगने से वह पीछे की ओर झुक गए और गिर पड़े। माईक उनके सीने पर ही चिपका रहा। अचानक उनके गिरने की आवाज सुनकर कमरे के बाहर बैठी महिलाएं दौड़कर भीतर गई जिन्होंने उन्हें छटपटाते देखा। आनन फानन में मामले को भांप कर बिजली की सप्लाई को बंद किया गया और परिजन उन्हें लेकर पुवायां के एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचे जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामबहादुर की मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया।
सूचना पाकर पुलिस ने मृतक रामबहादुर के शव को पीएम के लिए भेज दिया। जिसके बाद पुत्री साधना के ससुराल फोन कर बात की गई और पूरी घटना के बारे में बताया गया। दोनों पक्षों की रजामंदी से शाम को आने वाली बारात को दिन में ही बुलाया गया और दोपहर बाद रस्म अदायगी करते हुए गमगीन माहौल में मां गुडि़या ने साधना की भांवरें डलवाकर शाम को उसे ससुराल के लिए विदा कर दिया। जब तक साधना के विवाह की रस्में अदा हुई तब तक पिता रामबहादुर का शव पुवायां के शमशान घाट पर फ्रीजर में रखा रहा। जिसे विदा होने के बाद घर ले जाया गया। सुबह उनका अंतिम संस्कार आज कराया जाएगा।