CORONA – नगरपालिका क्षेत्र जैतहरी में एसडीएम ने लगाया तीन दिन का कर्फ़्यू
21 अगस्त रात्रि 9 बजे से 24 अगस्त प्रातः 1 बजे तक नपा जैतहरी में कर्फ़्यू —-
अनूपपुर, 21 अगस्त। नगरपालिका जैतहरी क्षेत्र में वर्तमान समय में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुये, संक्रमण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से अनुविभागीय दण्डाधिकारी जैतहरी कमलेश पुरी ने दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-144 एवं आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के अंर्तगत प्रदत्त शक्तियों को उपयोग में लाते हुये आज 21 अगस्त रात्रि 09.00 बजे से 24 अगस्त की प्रातः 01 बजे तक कर्फ़्यू लगाया है। उक्त अवधि में सम्पूर्ण जैतहरी नगरपालिका क्षेत्र की सीमाएं प्रतिबंधित रहेगी। किसी भी व्यक्ति का उक्त सीमा क्षेत्र में आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अति आवश्यक सेवा मेडिकल स्टोर एवं घर-घर दूध पहुचाने वाले व्यक्ति प्रतिबंध से मुक्त रहेगें।
कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर द्वारा आगामी रविवार (23 एवं 30 अगस्त) को प्रातः 01.00 बजे से रात्रि 12.00 बजे तक के लिए सम्पूर्ण जिला अनूपपुर में पूर्णतः लॉकडाउन/प्रतिबंध दिवस के आदेश पूर्व में ही जारी किए जा चुके हैं।
उक्त प्रतिबंध दिवस के दौरान दो/चार पाहिया वाहन, राशन, सब्जी एवं आम नागरिक से सम्बन्धित सेवाएं बन्द रहेगी। किसी भी व्यक्ति के घर से निकलने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। जिले में संचालित समस्त शराब दुकानें खोलने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। घर-घर जाकर दूध बांटने वाले दूध विक्रेता सुबह 6.00 बजे से 9.00 बजे तक उक्त प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।