छत्तीसगढ़: 24 घंटे में मिले 1052 नए केस, राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 18,637 हुई

रायपुर, 21 अगस्त।  छत्तीसगढ़ में कोरोना महामारी संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से गुरुवार देर रात जारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य में कोरोना के 1052 नए मरीज आए हैं। यह प्रदेश में एक दिन में आए आंकड़ों में सबसे ज्यादा हैं। इससे राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 18,637 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में अब तक 11,739 लोग ठीक हो चुके हैं। इससे राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 6,726 हो गई है।

वहीं इस महामारी से अब तक 172 लोगों की मौत भी हो चुकी है। जबकि कल यानि अकेले गुरुवार को ही 8 लोगों की मौत हुई है। छत्तीसगढ़ एक समय कोरोना संक्रमण से मुक्त होने वाला था और लोग छत्तीसगढ़ मॉडल की तारीफ कर रहे थे। लेकिन लॉकडाउन के बावजूद मजदूरों की वापसी, क्वॉरंटीन सेंटरों में लोगों को ज्यादा समय तक रखने, लॉकडाउन हटाने और कम टेस्टिंग की वजह से राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढोतरी हो रही है। कोरोना महामारी संक्रमण के बढ़ते मामलों की वजह से राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब सर्दी, खांसी, बुखार, सांस लेने में तकलीफ और कोरोना संक्रमण के लक्षण वाले मरीजों की 24 घंटे में कोरोना जांच की जाएगी। इस संबंध में स्वास्थ्य सचिव ने सभी कलेक्टरों को आदेश भी जारी कर दिया है। स्वास्थ्य सचिव ने पत्र में कहा है कि कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए मरीजों को बुखार, खांसी, सांस लेने में कठिनाई होने जैसी गंभीर स्थितियों में अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। इससे यह बात स्पष्ट होती है कि मरीजों की पहचान देर से हो रही है। साथ ही यह भी पाया गया है कि ऐसे अधिकांश मरीज निजी चिकित्सालयों में या जनरल प्रैक्टिशनर के पास अपना उपचार करवा रहे थे। उपचार के दौरान लक्षण होने के बावजूद भी इनकी कोरोना जांच नहीं कराई गई थी।