कमलनाथ गलतफहमी दूर करें, भाजपा का हर कार्यकर्ता जवाब देगा: विष्णुदत्त शर्मा
भोपाल, 5 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने ग्वालियर विधानसभा की वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कहा, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ यह कहते हैं कि हमारा टारगेट भाजपा का संगठन होगा। कमलनाथ जी आप किसी भी तरह की गलतफहमी न रखें, भाजपा कार्यकर्ताओं को आपकी हर चुनौती स्वीकार है। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता और कार्यपद्धति के बल पर चलती है। हमारे कार्यकर्ता एक-एक बूथ पर कांग्रेस को जवाब देने का काम करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने रविवार को ग्वालियर की विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और नागरिकों से वर्चुअल रैली के माध्यम से चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश शासन के मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भोपाल एवं ग्वालियर सांसद विवेक शेजवलकर ने ग्वालियर से रैली को संबोधित किया। वर्चुअल रैली का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत ने किया। रैली में वरिष्ठ नेता जयभानसिंह पवैया, जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी, वेदप्रकाश शर्मा, अरूण कुलश्रेष्ठ सहित ग्वालियर पूर्व विधानसभा स्थानीय पदाधिकारी एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता शामिल हुए।