देश में कोरोना का रिकॉर्ड, 24 घंटों के दौरान 14,516 नए केस

नई दिल्ली, 20 जून। देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप लगातार जारी है। हर दिन कोरोना से संक्रमितों और मृतकों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। तमाम सावधानियों के बावजूद इस खतरनाक वायरस का फैलाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 4 लाख के करीब पहुंच चुका है वहीं इस महामारी से 13,000 के करीब लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को स्वास्थ्य एवं परिवार मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के अनुसार भारत में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,95,048 तक पहुंच गई है वहीं अब तक इस वायरस से 12,948 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 14,516 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या 4 लाख के करीब हो गया है। इस दौरान कोरोना संक्रमण के कारण 375 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 13,000 के करीब हो चुका है।
शनिवार को मंत्रालय द्वारा जारी यह आंकड़ा अब तक का सबसे बड़ा उछाल है। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को देश में संक्रमितों और मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार कोरोना संक्रमितों और मृतकों की संख्या में पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ोतरी हो रही है और हर दिन रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े आ रहे है। हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना से संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की रफ्तार भी तेज हुई है 3,95,048 मामलों में 168269 कोरोना के सक्रिय केस हैं और 2,13,831 ऐसे मरीज हैं जिन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।