पर्यटन रोजगार के लिए असीम संभावना वाला क्षेत्र – श्री यादव

जबलपुर। जबलपुर टूरिज़्म प्रमोशन काउंसिल द्वारा पर्यटन विभाग के सहयोग से आज गुरुवार को मॉडल स्कूल के सभागार में बारहवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिये कैरियर गाइडेंस कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर श्री भरत यादव ने किया ।

श्री यादव ने अपने सम्बोधन में पर्यटन को असीम सम्भावनाओं वाला क्षेत्र बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र में न केवल रोजगार के बल्कि स्वरोजगार स्थापित करने के भी बहुत ज्यादा अवसर उपलब्ध हैं। कलेक्टर ने कहा कि यदि युवा पर्यटन के क्षेत्र को ही कैरियर के रूप में चुनते हैं तो उन्हें शासन और प्रशासन की ओर से इस क्षेत्र में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का संचालन कर रहे संस्थानों के डिग्री, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश के लिए हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी । उन्होंने कैरियर गाइडेंस कार्यशाला के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह ऐसा अवसर है जिसका लाभ पर्यटन के क्षेत्र में कैरियर बनाने के इच्छुक युवा लें सकतें हैं तथा रुचि के पाठ्यक्रम में प्रवेश लेकर अपने कौशल को निखार सकतें हैं । श्री यादव ने कार्यशाला में युवाओं के पंजीयन के लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया।
कार्यशाला में जिला पंचायत की सीईओ रजनी सिंह भी मौजूद थीं । कार्यक्रम के प्रारंभ में डुमना नेचर रिजर्व स्थित फूड क्रॉफ्ट इंस्टीट्यूट के प्राचार्य के.जी. दुबे ने पर्यटन एवं सत्कार के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर जबलपुर टूरिज्म प्रमोशन काउंसिल के सीईओ हेमंत सिंह ने कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम के आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी दी। कार्यशाला का संचालन जेटीपीसी के समन्वयक उपेन्द्र यादव ने किया।
कैरियर गाइडेंस कार्यशाला में छात्र- छात्राओं को विशेषज्ञों द्वारा पर्यटन विभाग से मान्यता प्राप्त विभिन्न संस्थानों द्वारा संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के बारे में अवगत कराया गया तथा प्रवेश की प्रक्रिया बताई गई । कैरियर गाइडेंस कार्यशाला में 241 युवाओं ने अपना पंजीयन कराया जिसमें अधिकांश बारहवीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं शामिल थे। युवाओं की काउंसलिंग भी कैरियर कार्यक्रम में की गई तथा उनकी योग्यता एवं रूचि के मुताबिक डिप्लोमा एवं डिग्री कोर्स में प्रवेश लेने की सलाह दी गई ।