भारत में 20 मई तक खत्म हो जाएगा कोरोना वायरस : सिंगापुर यूनिवर्सिटी

सिंगापुर, 26 अप्रैल। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को लेकर देश में यह दावा किया जा रहा है कि 20 मई तक इसके संक्रमण के मामले पूरी तरह से खत्म हो सकते हैं। सिंगापुर यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी एंड डिजाइन (एसयूटीडी) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से जुटाए गए आंकड़ों का विश्लेषण करने के बाद यह दावा किया गया है। एसयूटीडी ने यह भी कहा कि भारत के साथ ही अलग-अलग देशों में भी कोरोना वायरस जल्द ही खत्म होने वाला है।

एसयूटीडी ने ससेप्टिबल इन्फेक्टेड रिकवर्ड (एसआईआर) महामारी मॉडल यानि अलग-अलग देशों के संदिग्ध, संक्रमित और स्वस्थ होने वाले मरीजों के मॉडल का विश्लेषण करने के बाद यह भविष्यवाणी की है। इस महामारी ने अलग-अलग देशों में जिन-जिन तारीखों पर मोड़ लिया, उसका भी अध्ययन किया गया। इससे पहले शुक्रवार को केंद्र सरकार ने दावा किया था कि अगर 16 मई तक लॉकडाउन का पालन किया जाए, तो कोरोना वायरस का नया केस नहीं आएगा। इसके साथ ही कोरोना वायरस पर भारत नियंत्रण पा लेगा। सरकार ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन से बाहर आने की कवायद भी शुरू कर दी है। इसी के तहत केंद्र सरकार ने शनिवार को गांव-गली और शहरों में पास-पड़ोस की दुकानों को खोलने की इजाजत दी है। हालांकि कंटेनमेंट जोन और हॉटस्पॉट इलाके में दुकानों को खोलने की इजाजत नहीं हैं। इसके अलावा शराब की दुकानों और मॉल की दुकानों को भी खोलने की अनुमति नहीं है।
चीन के वुहान शहर से फैले कोरोना वायरस ने भारत समेत दुनियाभर में जबरदस्त तबाही मचा रखी है। भारत में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 24,940 से ज्यादा हो चुकी है, जिनमें से 779 लोग दम तोड़ चुके हैं। विश्वभर में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 28 लाख 40 हजार 800 से ज्यादा हो चुकी है, जिनमें से एक लाख 99,270 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
इस वैश्विक महामारी की सबसे ज्यादा चपेट में अमेरिका है, जहां अब तक कोरोना वायरस के 9 लाख 7 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 52 हजार 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद मौत के मामले में इटली का नंबर दूसरा है, जहां कोरोना वायरस से 25 हजार 960 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि कोरोना के मरीजों की संख्या के मामले में स्पेन दूसरे नंबर पर है। वहीं, स्पेन में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या दो लाख 23,000 से ज्यादा है, जबकि इटली में कोरोना वायरस की चपेट में आने वालों की संख्या एक लाख 92,000 से ज्यादा है। स्पेन में कोरोना से मौत का आंकड़ा 22,900 से ज्यादा पहुंच चुका है।