कोविड-19 दवाई स्टॉक मैनेजमेंट के लिये प्रत्येक जिले में दल गठित
भोपाल, 3 अप्रैल। प्रदेश में कोविड-19 महामारी की रोकथाम के लिये आवश्यक सामग्री एवं दवाइयों की समस्त जिलों में सतत सप्लाई की जा रही है। यह सामग्री जिलों में आवश्यक लोगों एवं स्वास्थ्य संस्थाओं तक समय पर पहुँचे, इसकी मॉनीटरिंग के लिये प्रत्येक जिले में डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में एक दल गठित करने के निर्देश शासन द्वारा जारी किये गये हैं। यह दल प्रतिदिन कलेक्टर को रिपोर्ट करेंगे।
प्रत्येक जिले में एवं मेडिकल कॉलेज के लिये राज्य स्तर से क्लिंटन हेल्थ एक्सेस इनिशिएटिव (चाई) का एक-एक प्रतिनिधि डिस्ट्रिक को-ऑर्डिनेटर के रूप में नियुक्त किया गया है। स्टॉक मैनेजमेंट के लिये यह दल को सहयोग करेंगे। यह दल जिले द्वारा राज्य स्तर से समन्वय के लिये सिंगल प्वाइंट ऑफ कॉन्टेक्ट के रूप में काम करते हुए राज्य स्तरीय मॉनीटरिंग दल से आवश्यकतानुसार सम्पर्क में रहेंगे।