ICC की ओर से वनडे क्रिकेटर ऑफ द इयर चुने गए रोहित शर्मा

नई दिल्ली, 15 जनवरी।  इंटरनेशनल क्रिकेट कांउसिल (ICC) ने बुधवार को आईसीसी अवॉर्ड का ऐलान किया है। इसमें कोहली, रोहित सहित कई भारतीय क्रिकेटरों को अहम अवॉर्ड मिला। भारतीय टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा को 2019 में जोरदार प्रदर्शन के लिए वनडे क्रिकेटर ऑफ द इयर चुना है, जबकि टेस्ट में यह अवॉर्ड पैट कमिंस के नाम गया है। बता दें कि रोहित शर्मा ने इंग्लैंड में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में रेकॉर्ड 5 सेंचुरी की बदौलत 9 मैचों में 648 रन बनाए थे, जबकि पूरे साल की बात करें तो उनके नाम 28 मैचों में 1490 रन थे।
भारतीय कप्तान विराट को खेल भावना दिखाने के लिए स्पिरिट ऑफ द इयर अवॉर्ड दिया गया। यह अवॉर्ड उन्हें वर्ल्ड कप के एक मैच में स्मिथ के लिए तालियां बजवाने के लिए दिया गया है। दरअसल, मैच में कप्तान कोहली बल्लेबाजी कर रहे थे। उस वक्त स्मिथ बाउंड्री के पास फील्डिंग कर कर रहे थे। वहां मौजूद दर्शकों ने स्मिथ को चिढ़ाना शुरू कर दिया।
विराट कोहली को दर्शकों का यह व्यवहार पसंद नहीं आया। उन्होंने इशारों से इस पर नाराजगी जताते हुए दर्शकों से स्मिथ की हौसलाअफजाई करने को कहा। कोहली ने दर्शकों को कहा कि वे स्मिथ के लिए ताली बजाएं। बता दें कि स्मिथ और डेविड वॉर्नर को 2018 में बॉल टैंपरिंग के आरोप सिद्ध होने के बाद एक साल के लिए बैन कर दिया था।
भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर को T20I परफॉर्मर ऑफ द इयर का अवॉर्ड दिया गया। नवंबर में दीपक चाहर ने बांग्लादेश के खिलाफ नागपुर टी20 इंटरनैशनल मैच में महज 6 रन देकर हैटट्रिक सहित 7 विकेट विकेट झटके थे। चाहर भारत की ओर से टी20 इंटरनैशनल में हैटट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज हैं। साथ ही यह प्रदर्शन टी20 इंटरनैशनल में किसी भी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने श्रीलंका के अजंता मेडिंस का रेकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 2012 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 8 रन देकर छह विकेट लिए थे।