राजद कार्यकर्ताओं ने जलाया राबड़ी देवी का पुतला
छपरा, 21 दिसंबर। एनआरसी और सीएए के विरोध में शनिवार को राजद ने बिहार बंद बुलाया। इस दौरान जहां राजद सुप्रीमो लालू यादव के समर्थकों ने सीएए के विरोध में केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। वहीं बेटे तेज प्रताप और बहू ऐश्वर्या राय के विवाद के कारण लालू परिवार को भी विरोध का सामना करना पड़ा। दरअसल चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय को लालू परिवार द्वारा प्रताड़ित करने से कार्यकर्ता खासे नाराज थे। इसी के चलते चंद्रिका राय के समर्थकों ने परसा के दरोगा राय चौक पर पूर्व मुख्यमंत्री और ऐश्वर्या की सास राबड़ी देवी का पुतला जलाया और उनके खिलाफ नारेबाजी भी की।
राजद कार्यकर्ताओं ने राबड़ी के पुतले के साथ परसा में जुलूस निकाला और राबड़ी देवी मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। वहीं चंद्रिका राय के समर्थक उमेश राय ने कहा कि राबड़ी देवी ने चंद्रिका राय की बेटी का अपमान किया है उसे अपने घर की बहू बनाकर प्रताड़ित कर रही है जिससे परसा के राजद कार्यकर्ता काफी नाराज हैं। बता दें कि शनिवार को राजद ने एनआरसी और सीएए के विरोध में बिहार बंद बुलाया। इसके चलते कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जिलों में जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की।