शाहजहांपुर:लापता युवती की बरामदगी की मांग को लेकर लगाया जाम
शाहजहांपुर, 3 अगस्त। घर से बाहर बंधी भैंस खोलने गई युवती देर रात गायब हो गई। परिजनों ने युवती को अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इससे नाराज परिजनों ने सोमवार को पीलीभीत-शाहजहांपुर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। एसपी एस चिनप्पा व सीडीओ महेंद्र सिंह तंवर के आश्वासन पर करीब चार घंटे बाद जाम खुल सका।
निगोही थाना क्षेत्र के पतराजपुर निवासी प्रेमपाल की 18 वर्षीय बेटी रेखा रविवार रात घर से बाहर बंधी भैंस खोलने गई थी। लेकिन इसके बाद वह गायब हो गई। परिजनों ने पुलिस को भी मामले की सूचना दी। लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। सोमवार सुबह जब तक युवती का कोई सुराग नहीं लगी तो परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शाहजहांपुर-पीलीभीत स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। मामले की जानकारी जब पुलिस को लगी तो खलबली मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाने का प्रयास किया लेकिन परिजन नहीं माने।
इसके बाद एडीएम प्रशासन आरएस द्विवेदी, एसडीएम मोइन उल इस्लाम, सीओ परमानंद पांडेय भी मौके पर पहुंच गए। लेकिन परिजन युवती के बरामद कराने की जिद पर अड़े रहे। इसके बाद विधायक रोशन लाल वर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। स्थिति बिगड़ती देख एसपी एस चिनप्पा व सीडीओ महेंद्र सिंह तंवर मौके पर पहुंचे। परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इसके बाद एसपी ने परिवार के सदस्यों को थाने बुलाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
परिजनों का आरोप है कि इंस्पेक्टर सोमप्रकाश वर्मा ने यदि मामले को गंभीरता से लिया होता तो अब तक बेटी बरामद हो जाती है। परिजनों ने एसपी से इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाने से हटवाने की मांग कर रहे है।