दिल्ली में बीजेपी की आंधी- आप झाड़ू सहित साफ

नई दिल्ली, 8 फरवरी। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद अब भारतीय जनता पार्टी 27 वर्षोें के बाद दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है। दिल्ली में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। विधानसभा चुनाव में बीजेपी की 48 सीटें आई हैं। आम आदमी पार्टी को महज 22 सीटें मिली हैं। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जैसे आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता बीजेपी की आंधी में अपनी सीट तक नहीं बचा पाए। अब देश के 19 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में एनडीए की सरकार है। 21 में से 6 राज्यों में एनडीए के सहयोगी मुख्य भूमिका में है इसे बीजेपी की आंधी कहा जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विस चुनाव में भारी बहुमत से बीजेपी की जीत पर दिल्ली वासियों को पोस्ट के माध्यम से धन्यवाद प्रेषित किया।
पीएम मोदी ने लिखा, ‘दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटी है। इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे बीजेपी के अपने सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया।
मध्य और पश्चिमी भारत में एनडीए का दबदबा
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के साथ-साथ महाराष्ट्र और गुजरात में भी बीजेपी की सरकार है। 2022 में गुजरात और 2023 में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में बीजेपी ने जीत हासिल की थी। महाराष्ट्र में नवंबर 2024 में बीजेपी नीत एनडीए ने जीत हासिल की थी। इसी तरह उत्तर भारत के बिहार और उत्तर प्रदेश में एनडीए का कब्जा है। झारखंड और पश्चिम बंगाल में इंडिया की सरकार है। दक्षिण भारत की 5 में से 4 राज्यों में इंडिया की सरकार है। केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु में इंडिया तो आंध्र में एनडीए की सरकार है।