AAP MP संजय सिंह ने EC से की मांग, चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित हों नरेंद्र मोदी

AAP सांसद ने वाराणसी के एडीएम को दिए अपने शिकायती पत्र में दावा किया कि पीएम मोदी की नामांकन रैली में 1 करोड़ 27 लाख रुपये खर्च किए गए हैं, जो चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित 70 लाख की खर्च सीमा का उल्लंघन है. इसलिए उन्हें चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित किया जाए.

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव लड़ने से अयोग्य करने की मांग की है. संजय सिंह ने चुनाव आयोग से शिकायत कर कहा है कि पीएम ने अपने नामांकन के दौरान नियमों का उल्लंघन कर पैसे खर्च किए हैं, जिसके लिए पीएम मोदी को चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित किया जाए.

संजय सिंह ने वाराणसी के एडीएम को दिए अपने शिकायती पत्र में दावा किया कि पीएम मोदी की नामांकन रैली में 1 करोड़ 27 लाख रुपये खर्च किए गए हैं, जो चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित 70 लाख की खर्च सीमा का उल्लंघन है. इसलिए उन्हें चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित किया जाए.

नेताओं के विमान पर 64 लाख खर्च
संजय सिंह ने दावा किया है कि पीएम मोदी के नामांकन में निजी विमान के उपयोग में 64 लाख रुपये खर्च किए गए. इसके लिए उन्होंने तर्क दिया है कि पीएम के नामांकन के दिन प्रकाश सिंह बादल, रामविलास पासवान, नीतीश कुमार, उद्धव ठाकरे वाराणसी पहुंचे थे. संजय सिंह ने अपने पत्र में लिखा, “एक विमान का एक घंटे का खर्च लगभग 2-3 लाख रुपये होता है, अनुमानित तौर पर एक जहाज आठ घंटे के लिए बुक किया गया तो कुल मिलाकर 16 लाख रुपये एक जहाज का खर्च आता है, अर्थात चार निजी विमान का अनुमानित खर्च 64 लाख रुपया है.”