उत्तरी आयरलैंड ने 18 टन के तीन ऑक्सीजन प्लांट और 1,000 वेंटिलेटर विमान से भारत के लिए रवाना किये
नई दिल्ली, 08 मई। कोरोना की दूसरी लहर की भयावहता को झेल रहे भारत की मदद के लिए उत्तरी आयरलैंड भी आगे आया। ब्रिटेन सरकार ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को उत्तरी आयरलैंड ने बेलफास्ट से 18 टन के तीन ऑक्सीजन यूनिट (प्लांट) और 1,000 वेंटिलेटर लेकर दुनिया के सबसे बड़े मालवाहक विमान को भारत के लिए रवाना कर दिया है। लोडिंग एयरक्राफ्ट के 9 मई रविवार सुबह तक दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है।

विदेश, कॉमनवेल्थ और डेवलपमेंट ऑफिस (FCDO) ने कहा कि एयरपोर्ट के कर्मचारियों ने रातभर कड़ी मेहनत करते हुए एंटोनाव-124 कार्गो प्लेन में जीवन रक्षक दवाएं लोड कीं। इस दौरान उत्तरी आयरलैंड के स्वास्थ्य मंत्री रॉबिन स्वान बेलफास्ट एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। तीनों ऑक्सीजन जनरेटर में से हर जनरेटर प्रति मिनट 500 लीटर ऑक्सीजन का उत्पादन करता है जो एक साथ 50 लोगों के इस्तेमाल करने के लिए लिए पर्याप्त है। इस सप्लाई के लिए फंडिंग भी FCDO ने ही की है। दिल्ली पहुंचने के बाद इंडियन रेड क्रॉस की सहायता से इस सप्लाई को अस्पतालों में भेजा जाएगा।