शेयर बाजार- सेंसेक्स 52100 के पार, निफ्टी पहली बार 15300 के ऊपर

मुंबई, 15 फरवरी। आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद घरेलू शेयर बाजार उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 609.83 अंक (1.18 फीसदी) ऊपर 52154.13 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 151.40 अंक यानी 1.00 फीसदी की तेजी के साथ 15314.70 के स्तर पर बंद हुआ।

दरअसल केंद्रीय बजट में सुधारवादी कदमों की घोषणा से शेयर बाजार में जबरदस्त उत्साह है और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) फरवरी में अब तक भारतीय बाजारों में 22,038 करोड़ रुपये का शुद्ध पूंजी निवेश कर चुके हैं। डिपॉजिटरी के आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान विदेशी निवेशकों ने शेयरों में 20,593 करोड़ रुपये और ऋणपत्रों में 1,445 करोड़ रुपये लगाये हैं। इस तरह एक फरवरी से 12 फरवरी के दौरान शुद्ध निवेश 22,038 करोड़ रुपये रहा। जनवरी में एफपीआई ने 14,649 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया था।
मॉर्निगस्टार इंडिया के सहायक निदेशक (प्रबंधक शोध) हिमांशु श्रीवास्तव ने इसके लिए फरवरी में केंद्रीय बजट के बाद शेयर बाजारों में बनी सकारात्मक धारणा को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के बजट में सरकार के प्रयासों को निवेशकों ने सराहा है। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा कि बाजार में अभी निवेश में क्षेत्र की अदला-बदली हो रही है। 2020 में, फार्मा सेक्टर एक पसंदीदा विकल्प था और इस सेक्टर ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि संभावित गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों की चिंताओं के कारण बैंकिंग शेयरों ने कम प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अब एफपीआई द्वारा बैंकिंग शेयरों की फिर से मांग आ रही है। मार्च में निचले स्तर पर पहुंचने के बाद आठ अक्तूबर को सेंसेक्स 40 हजार के पार 40182 पर पहुंच गया था।  इसके बाद पांच नवंबर को सेंसेक्स 41,340 पर बंद हुआ।  10 नवंबर को इंट्राडे में इंडेक्स का स्तर 43,227 पर पहुंचा।  18 नवंबर को 44180 के स्तर पर पहुंचा।
चार दिसंबर को इसने 45000 का आंकड़ा पार किया और 45079 पर बंद हुआ।  11 दिसंबर को सेंसेक्स 46 हजार के ऊपर 46099 के स्तर पर बंद हुआ और 14 दिसंबर को यह 46,253.46 अंक पर बंद हुआ था। इस दौरान निफ्टी 13558.15 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था। 28 दिसंबर को सेंसेक्स उछलकर 47353 पर बंद हुआ था। चार जनवरी को सेंसेक्स ने नया रिकॉर्ड बनाया और यह पहली बार 48000 के ऊपर 48176.80 पर बंद हुआ। 11 जनवरी को बीएसई का सेंसेक्स 49269.32 के सर्वकालिक उच्च स्तर पर बंद हुआ था। 11 जनवरी के बाद 21 जनवरी को घरेलू शेयर बाजार उच्चतम स्तर पर खुला था। सेंसेक्स 223.17 अंकों की बढ़त के साथ पहली बार 50 हजार के ऊपर 50,015.29 के स्तर पर खुला। इस दौरान निफ्टी रिकॉर्ड 14,707.70 के स्तर पर था। हालांकि बाद में बाजार में गिरावट आई और तीन फरवरी को सेंसेक्स पहली बार 50 हजार के ऊपर 50255.75 के स्तर पर बंद हुआ। इस दिन निफ्टी 14789.95 पर बंद हुआ था।