पुस्तक मेला ने बनाई अपनी अलग पहचान
जबलपुर, 7 अप्रैल। जिला प्रशासन द्वारा शहर के हृदय स्थल शहीद स्मारक प्रांगण, गोलबाजार में आयोजित किए जा रहे पुस्तक मेला में आज सोमवार को भी रियायती दरों पर पुस्तक, कॉपी एवं यूनिफॉर्म खरीदने के लिए बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और अभिभावक पहुँचे। जबलपुर में इस बार बेहतर स्वरुप में आयोजित किए गए पुस्तक और गणवेश मेला ने अपनी अलग छाप छोडी है। पुस्तकों, कॉपियों, गणवेश और स्कूल बैग के स्टॉलों के अलावा बुक बैंक का स्टॉल तथा रोज शाम आयोजित किये जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं फूड जोन में लगाए गए तरह-तरह के व्यंजनों के स्टॉल मेले का आकर्षण बने रहे। पुस्तक और गणवेश मेले का समापन मंगलवार को होगा।