हज यात्रियोें के लिए सऊदी अरब ने लागू किए नए यात्रा प्रतिबंध
सऊदी में हज यात्रा के दौरान दुनिया भर से आने वाले लोगों की संख्या काफी बढ़ जाती है और वो लोग भी मक्का मदीना पहुंच जाते हैं, जिसकी वजह हज मंत्रालय के इंतजाम में रुकावट पैदा हो जाती है। पिछले साल ऐसे ही हज में संख्या बढ़ने और अधिक गर्मी की वजह से एक हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। जिसके मद्देनजर सऊदी अरब सरकार ने भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश समेत 14 देशों के ऊपर नए यात्रा प्रतिबंध लागू किए हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक यह प्रतिबंध हज यात्रा पूरी होने तक यानी 13 अप्रैल से मध्य जून तक लागू रहेगा।
सऊदी अरब के अधिकारियों ने कहा कि यह कदम लोगों को बिना रजिस्ट्रेशन के हज करने से रोकेगा। अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि अन्य देशों के नागरिक उमरा वीजा या विजिट वीजा के साथ सऊदी अरब आते हैं और पवित्र मक्का में हज करने के लिए अवैध रूप से वहां रुकते हैं। वहीं सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अधिकारियों को सख्त वीज़ा विनियमन सुनिश्चित करने का आदेश दिया है ताकि देश में हज यात्रा सुचारू और सुरक्षित तरीके से पूरी हो।