UPMSP ने 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं का शेड्यूल जारी किया

लखनऊ, 20 दिसंबर। अगले साल यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा में जो भी छात्र शामिल होने वाले हैं उनके लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानी यूपीएमएसपी (UPMSP) ने आज शेड्यूल जारी किया है। पहले चरण में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 23 जनवरी से 31 जनवरी 2025 के बीच आयोजित की जाएंगी। इस शेड्यूल को यूपी बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर चेक कर सकते हैं और डाउनलोड कर सकते हैं।
गौरतलब है कि यूपी बोर्ड के मुताबिक, पहले चरण में प्रैक्टिकल परीक्षाओं का आयोजन 23 जनवरी से 31 जनवरी 2025 के बीच किया जाएगा, जिसमें लखनऊ से लेकर आगरा, बरेली, सहारनपुर, झांसी, अयोध्या, चित्रकूट, आजमगढ़, बस्ती और देवीपाटन मंडल शामिल हैं। वहीं, दूसरे चरण में प्रैक्टिकल परीक्षाओं का आयोजन 1 फरवरी से 8 फरवरी 2025 तक किया जाएगा, जिसमें गोरखपुर से लेकर मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, कानपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडल शामिल हैं। यूपी बोर्ड के मुताबिक, 12वीं की प्री-बोर्ड प्रैक्टिकल परीक्षाओं का आयोजन 4 जनवरी से 10 जनवरी 2025 के बीच स्कूल स्तर पर किया जाएगा, जबकि कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन 11 जनवरी से 21 जनवरी 2025 तक किया जाएगा।