बढ़ती अश्लीलता और ब्लैकमेलिंग का खेल
मप्र, 21 फरवरी। प्रदेश में साइबर क्राइम की विशेष शाखा के पास इन दिनों ब्लैकमेलिंग के ऐसे मामलों में खासी बढ़त देखी जा रही है जिनमें लड़की की आवाज में वीडियो काॅल करके अश्लीलता के शिकार लोगों को न्यूड अश्लील रिकाॅर्डेड वीडियो दिखाकर उन्हें भी कपड़े उतारने कहा जाता है और फिर स्क्रीन रिकाॅर्ड करके ब्लैकमेलिंग की जाती है।
गौरतलब है कि हाल ही में ऐसा ही एक मामला मध्यप्रदेश के उज्जैन में सामने आया जहां पीड़ित व्यक्ति को ब्लैकमेल करते हुए उसकी रिकाॅर्डेड वीडियो सोशल मीडिया में डालने की धमकी देते हुए पैसों की डिमांड की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार साइबर क्राइम के पास हर माह लगभग दर्जनों शिकायतें आ रहीं और न जाने कितने लोग तो बदनामी के चलते इन ठगों का शिकार हो रहे जो बेचारे शर्म के मारे शिकायत तक दर्ज कराने से कतराते हैं।
फिलहाल पुलिस इस तरह के मामलों को ट्रैक करने की कोशिश कर रही है।पुलिस के मुताबिक ज्यादातर शिकायतों में मॉड्स ऑपरेंडी कॉमन है। इस तरह के मामलों में जालसाज पहले सोशल मीडिया खासतौर पर फेसबुक यूजर से दोस्ती गांठते हैं। फिर उन्हें मैसेंजर पर अश्लील चैट करते हुए वीडियो कॉल के लिए वाट्सऐप पर आमंत्रित करते हैं। यहां लोगों को रिकार्डेड वीडियो दिखाया जाता है, जिसे देखकर लोग समझ लेते हैं कि यह सबकुछ लाइव हो रहा है। इसके बाद जालसाज सामने वाले पर भी कपड़े उतारने के लिए दबाव बनाते हैं और ऐसा करते ही उसका वीडियो रिकार्ड कर लेते हैं।
पुलिस के मुताबिक जालसाजी का यह खेल आमतौर पर गुरुवार या शुक्रवार को होता है। दरअसल शनिवार व रविवार को बैंकों की छुट्टी होती है। ऐसे में यदि इस अवधि में ठगी होने के बाद जालसाजों को पैसा विड्राल करने के लिए आराम से 24 घंटे का समय मिल जाता है। उज्जैन के साइबर सेल प्रभारी प्रतीक यादव के मुताबिक इस तरह की 7 से 8 शिकायतें हर महीने आ रही हैं। उन्होंने इस तरह की घटनाओं के प्रति लोगों को जागरुक किया। साथ ही कहा कि इस तरह की घटना यदि किसी के साथ हो भी जाए तो उसे तत्काल पुलिस को सूचित करना चाहिए।