राशन भ्रष्टाचार मामले में मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक की गिरफ्तारी

पश्चिम बंगाल में राशन भ्रष्टाचार मामले में मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक की गिरफ्तारी के मुद्दे पर बीजेपी ने शुक्रवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। शुक्रवार को बीजेपी ने खाद्य भवन अभियान का आह्वान किया था। खाद्य भवन अभियान के दौरान बीजेपी समर्थकों ने जूते दिखाए और प्रदर्शनकारियों को संभालने के लिए तैनात पुलिसकर्मी के मुंह पर आटा पोत दिया। हालांकि टीएमसी ने बीजेपी के भ्रष्टाचार के आरोप को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
बता दें कि बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल खाद्य भवन में जाकर ज्ञापन देना चाहता था, लेकिन पुलिस ने बीजेपी के जुलूस को खाद्य भवन में घुसने से पहले ही रोक दिया। पुलिस ने सड़क पर बैरिकेडिंग लगा दी तो बवाल मच गया। जुलूस में शामिल बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक हो गई। पुलिस से झड़प के बीच बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। बीजेपी ने ज्योतिप्रिय मल्लिक के मंत्रिमंडल से इस्तीफे की मांग उठाई।
खाद्य भवन अभियान को लेकर बवाल मच गया। पुलिस से झड़प के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुलिस को निशाना बनाया। जुलूस से ‘राशन लूट’ का आरोप लगाते हुए नारे लगाए गए। जुलूस में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं-समर्थकों ने खाद्य भवन के बाहर ही जूते उठाकर विरोध करना शुरू कर दिया। राशन भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तारी के बाद पूर्व खाद्य मंत्री और वर्तमान वन मंत्री ज्योतिप्रय मल्लिक अब ईडी की हिरासत में हैं। बीजेपी मार्च की ओर से मांग की गई कि सिर्फ ज्योतिप्रिय मल्लिक ही नहीं, बल्कि इसमें शामिल सभी लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।