बढ़ती ठंड : दिल्ली के सभी स्कूलों में 1 से 15 जनवरी तक का शीतकालीन अवकाश

नई दिल्ली, 23 दिसंबर। दिल्ली सरकार के सभी स्कूलों में 1 से 15 जनवरी का शीतकालीन अवकाश होगा। शिक्षा निदेशालय ने एक पत्र जारी कर यह जानकारी दी। डीओई ने कहा कि 8वीं तक बच्चों की छुट्टियां 1 से 15 जनवरी तक रहेगी हालांकि, पाठ्यक्रम को दोहराने और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर एवं उनके अकादमिक प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं के लिए 2 से 14 जनवरी तक एक विशेष अकादमिक सत्र का आयोजन किया जाएगा।
जारी पत्र में कहा गया है, “शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी विद्यालय 1 से 15 जनवरी 2023 के दौरान शीतकालीन अवकाश के लिए बंद रहेंगे।” इसमें कहा गया है, “पाठ्यक्रम को दोहराने और छात्रों के अकादमिक प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं के लिए 2 से 14 जनवरी तक विशेष कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इन कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थी परीक्षा के दृष्टिकोण से विषयों की बुनियादी अवधारणाओं को दोहरा पाएंगे।”
परिपत्र के मुताबिक, दोहरी पाली वाले विद्यालयों के लिए विशेष कक्षाएं विद्यालय भवन के अलग-अलग हिस्से में संचालित की जाएंगी। इसमें कहा गया है, “हालांकि, अगर जगह की कमी है तो शाम की पाली के विद्यालयों के प्रमुख संबंधित शिक्षा उपनिदेशक (डीडीई) से परामर्श कर सकते हैं और शाम के समय में कक्षाएं संचालित करने का विकल्प चुन सकते हैं।”