निगम चुनाव : दिल्ली में सोमवार को बंद रहेंगे सभी सरकारी स्कूल

नई दिल्ली, 03 दिसंबर। दिल्ली नगर निगम के चुनाव के मद्देनजर दिल्ली सरकार के सभी स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने एक सर्कुलर जारी कर यह जानकारी दी। सर्कुलर में कहा गया है, “शिक्षा निदेशालय के सभी सरकारी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को सूचित किया जाता है कि एमसीडी चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर सोमवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया जाएगा।”

सर्कुलर में कहा गया है कि लगभग 90 प्रतिशत स्कूल कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में तैनात रहेंगे, इसलिए सभी एमसीडी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को पांच दिसंबर को विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद करने का निर्देश दिया जाता है। सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि उपलब्ध शिक्षक पांच दिसंबर को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करेंगे।