गुजरात : PM मोदी और अमित शाह ने लोगों से की मतदान की अपील
अहमदाबाद/नई दिल्ली/ 01 दिसंबर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वीरवार को गुजरात के लोगों से राज्य विधानसभा के चुनाव में अभूतपूर्व संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि पिछले दो दशकों में गुजरात विकास और शांति का पर्याय बना है जिस पर हर भारतीय को गर्व है। उन्होंने कहा कि यह गुजरातवासियों द्वारा चुनी मजबूत सरकार के कारण संभव हो पाया। मैं प्रथम चरण के मतदाताओं से अपील करता हूं कि इस विकासयात्रा को जारी रखने के लिए अभूतपूर्व उत्साह और संख्या में मतदान करें।
गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान वीरवार सुबह आठ बजे शुरू हो गया। राज्य विधानसभा की कुल 182 सीटों में से 89 सीटों पर पहले चरण के तहत मतदान हो रहा है। इसमें सौराष्ट्र-कच्छ और दक्षिण हिस्से के 19 जिले शामिल हैं। पहले चरण में 788 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीरवार को गुजरात के लोगों से राज्य विधानसभा के चुनाव में रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान आज हो रहा है। मैं आज मतदान करने वाले सभी लोगों, विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वालों का आह्वान करता हूं कि वे रिकॉर्ड संख्या में अपने मताधिकार का उपयोग करें।