माढ़ोताल थाना अंतर्गत वृद्ध की हत्या का हुआ खुलासा, तीनों आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर, 28 नवंबर। माढ़ोताल थाना अंतर्गत बीते 9 नवंबर को सूखा गांव में एक वृद्ध व्यक्ति के मृत होने की सूचना पर पहुंची पुलिस को अमित पटेल उम्र 19 वर्ष निवासी गांव सूखा ने बताया था कि उसके मामा मुन्नालाल कुशवाहा उम्र 63 वर्ष आईटीआई से रिटायर्ड थे जो उसके घर पर रहते थे रोज शाम को खेत में बनी झोपडी में चले जाते थे जहां से दूसरे दिन सुबह वापस आ जाते थे, मामा रोजाना की तरह 8- नवंबर की शाम 7 बजे खेत चले गये थे जो दूसरे दिन सुबह खेत से वापस नहीं आये तो वह मामा को देखने मैं खेत जा रहा था, तभी देखा कि डॉ0 शंकर साहू के धान के खेत में उसके मामा मृत अवस्था में पड़े हुए थे। मृतक के शरीर पर हल्के छिलने के निशान के अलावा किसी प्रकार की गम्भीर चोट के निशान नहीं थे।
सूचना पर उप पुलिस अधीक्षक तुषार सिंह एवं एफएसएल डाक्टर सुश्री नीता जैन, डॉग स्कवाड, मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारी एवं एफ.एस.एल. टीम की उपस्थति में पंचनामा कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया एवं मर्ग कायम कर जांच में लिया गया।
पीएम रिपोर्ट में वृद्ध व्यक्ति की मृत्यु श्वांस अवरूद्ध होना बताया गया। सम्पूर्ण जांच पर किसी अज्ञात के द्वारा मुन्नालाल कुशवाह का मुंह दबा कर श्वांस अवरूद्ध कर हत्या करना पाये जाने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीते 19-नवंबर को अपराध क्रमांक 766/22 धारा 302 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा द्वारा अज्ञात आरोपी पर 10 हजार रूपये का ईनाम उद्घोषित किया गया। तत्पश्चात अति. पुलिस अधीक्षक संजय अग्रवाल एवं उप पुलिस अधीक्षक तुषार सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी माढ़ोताल रीना पाण्डे शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान मृतक के परिजनों, आसपास के लोगों सहित संदेही देवेन्द्र सेन, मनीष चढ़ार व संतोष यादव से बारीकी से पूछताछ करने पर पता चला कि देवेन्द्र सेन मृतक मुन्नालाल कुशवाहा को करीब 03 वर्षो से जानता है तथा मृतक दाढ़ी बाल बनवाने देवेन्द्र सेन के पास जाया करता था जिस कारण देवेन्द्र की मुन्नालाल से अच्छी बातचीत होने लगी थी। मृतक मुन्नालाल कुशवाहा, देवेन्द्र सेन तथा अन्य लड़कों से शारीरिक संबंध बनाता था तथा उन्हे पैसे भी देता व शराब पिलवाता था उसके बाद उनकी इच्छा व अनिच्छा से उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता था।
गौरतलब है कि बीते 8 नवंबर दोपहर लगभग ३ बजे मुन्नालाल कुशवाहा, देवेन्द्र सेन की दुकान पर बाल बनवाने गया था एवं देवेन्द्र से खेत की ओर शाम 5-6 बजे आने को बोला था पर देवेन्द्र की जाने की इच्छा नही थी क्यूंकि देवेन्द्र मुन्नालाल से परेशान था। शाम लगभग 6 बजे ग्राम सूखा का संतोष यादव अपनी मोटर साईकिल से देवेन्द्र सेन से पास आया बोला की मुन्नालाल के खेत में चलना है, इच्छा न होते हुए भी दोनों संतोष यादव की मोटर साईकिल में बैठकर मुन्नालाल पटैल के खेत एनसीसी के पीछे पहुंचे जहां पर मुन्नालाल पलंग के पास नीचे जमीन पर अंडर वियर, बनियान में बैठा था। मुन्नालाल, संतोष यादव के साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। उसके बाद संतोष यादव ने मुन्ना लाल से बोला कि किसी भी व्यक्ति के सामने इस बारे में मत बोला करो हमारी बेईज्जती होती है। खेत पर पहले से ही मनीष चढ़ार पेड़ के पास बैठा हुआ था। मृतक मुन्ना लाल कुशवाहा ने पहले संतोष यादव के साथ बाद में देवेन्द्र सेन के साथ अप्राकृतिक कृत्य किया था।
मुन्ना लाल कुशवाहा शारीरिक संबंध (अप्राकृतिक कृत्य) के लिए दबाव बनाता था तथा अन्य व्यक्तियों को बता देता था जिससे स्वयं की बेईज्जती होने के कारण देवेन्द्र सेन, मनीष चढ़ार व संतोष यादव के द्वारा अचानक मुन्नालाल कुशवाहा को जान से मारने की योजना बनायी गयी, मुन्नालाल के पलंग पर लेट जाने के बाद देवेन्द्र ने मुन्नालाल के पैर बिस्तर पर ही दबा दिये, संतोष ने वहीं पड़े डंडे से मुन्नालाल के दोनो जांघों पर मारा व मनीष चढ़ार ने मुंह दबा दिया, जब मुन्नालाल की सास बंद हो गयी तब तीनों ने मिलकर पलंग से मुन्नालाल को गिराकर धान के खेत में घसीट कर ले जाकर छोड़ दिया, इसके बाद वहाँ से संतोष यादव अपनी मोटर साईकिल से तथा देवेन्द्र सेन व मनीष चढ़ार पैदल स्वयं के घर चले गये। उपरोक्त तीनों आरोपियों को प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार किया तथा माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
अंधी हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी माढ़ोताल रीना पांडे शर्मा, उप निरीक्षक नीलेश पोर्ते, यदुवंश मिश्रा, शिव गोपाल गुप्ता, प्रधान आरक्षक प्रेमनारायण, आरक्षक शशि प्रकाश, सचिन एवं पुलिस लाईन के सहायक उप निरीक्षक राजेश शुक्ला, रमाकांत मिश्रा, विजय शुक्ला, प्रधान आरक्षक. ज्ञानेन्द्र पाठक आनंद तिवारी, साइबर सेल के अभिषेक एवं आदित्य परस्ते की सराहनीय भूमिका रही।