BJP एक ऐसी पार्टी जिसके लिए व्यक्ति से बढ़कर पार्टी और पार्टी से बड़ा देश – PM

अहमदाबाद, 24 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि यह चुनाव ना नरेन्द्र लड़ रहा है ना भूपेन्द्र लड़ रहा है मंच पर बैठे लोग भी नहीं लड़ रहे इस बार गुजरात का चुनाव गुजरात की जनता लड़ रही है। देश का पहले सूर्य ग्राम मोढेरा का गौरव मेहसाणा जिले को मिला और मोढेरा सूर्य ग्राम का लोकार्पण होने के साथ ही देश का पहला सूर्य ग्राम मोढ़ेरा दुनिया में चमक गया। इसके साथ ही मेहसाणा जिला भी चमक गया। यह आप सब के आशीर्वाद से ही हुआ है। मैं यह सब कर सकता हूं इसका कारण इस मिट्टी ने मुझे बड़ा किया, संस्कारित किया है। यहां के पानी ने मुझे गढ़ा है। मेहसाण जिला राजकीय तरीके से जागृत जिला है जो भविष्य का फैसला करता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात के युवाओ ने यह विजय ध्वज अपने हाथ में ले लिया है। माताएं बहने मैदान में उतरी हैं। इसलिए जहां भी जा रहा हूं एक ही नारा गूंज रहा है फिर एक बार मोदी सरकार। देश की युवा पीढ़ी आज भाजपा की ओर बढ़ी है वह आंखों पर पट्टी बांधी हुई पीढ़ी नहीं है। यह एक एक कदम का बारीक निरीक्षण, मूल्यांकन करती है। फिर वह निर्णय करती है कि किस रास्ते जाना है। उनको लगता है कि देश को आगे ले जाना होगा, आने वाले 25 वर्ष में देश को समृद्ध, वैभवी बनाना होगा तो भारतीय जनता पार्टी की नीति, रीति, रणनीति काम आएगी।

PM मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक ऐसी पार्टी है जिसके लिए व्यक्ति से बढ़कर पार्टी और पार्टी से बड़ा देश है। यह हमारे संस्कार हैं और हम इन संस्कार के साथ ही काम करते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस भाई-भतीजावाद, परिवारवाद, जातिवाद, संप्रदायवाद और वोट बैंक की राजनीति का मॉडल है और उसने गुजरात और पूरे देश को बर्बाद कर दिया है।